अयोध्या दीपोत्सव-2026 में तैयार किया गया भव्य राम दरबार अब विश्व रिकॉर्ड का हिस्सा बन गया है। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने 220 टन सरयू की रेत से 58 फीट लंबा और 20 फीट ऊंचा राम दरबार बनाया। इस विशाल कलाकृति ने 'बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में अपना नाम दर्ज कराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के विशेष आमंत्रण पर राम कथा पार्क में इस सैंड आर्ट का निर्माण किया गया था। कलाकार ने 30 अक्टूबर से 7 नवंबर तक लगातार सात दिनों की मेहनत और बारीक तकनीक से इसे तैयार किया। 7 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड प्रमाणन संख्या IND/2026/001810 के तहत इसे आधिकारिक स्वीकृति और डिजिटल प्रमाणपत्र मिला।
उपराष्ट्रपति और सीएम योगी ने की सराहना

राम दरबार की भव्य कलाकृति की देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहना की। सरयू की रेत से तैयार यह कलाकृति भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता और विश्व शांति का संदेश दे रही है।
12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं मधुरेंद्र

मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले मधुरेंद्र कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सैंड आर्ट के लिए पहचान बना चुके हैं। वह अब तक 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उन्हें अमेरिका की इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (AIU) की ओर से 'ऑनररी डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी इन सैंड आर्ट' की मानद उपाधि भी मिल चुकी है।

मधुरेंद्र 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके नाम 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और 100 से ज्यादा राष्ट्रीय पुरस्कार दर्ज हैं। अयोध्या में तैयार उनका यह राम दरबार भारतीय कला और संस्कृति की वैश्विक पहचान को एक नई ऊंचाई देता है।