दीपावली और छठ पूजा के दौरान उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए योगी सरकार ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने सभी संबंधित एक्सप्रेसवे पर अतिरिक्त संसाधनों के साथ व्यवस्थाएं मजबूत की हैं।
यातायात का सुचारु संचालन, सड़क सुरक्षा और यात्रियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी क्षमता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त
त्योहारों के दौरान एक्सप्रेसवे पर संभावित यातायात दबाव को देखते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। यूपीडा का स्टाफ 24 घंटे मुस्तैद रहकर यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करेगा।
वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने की अपील
यूपीडा ने वाहन चालकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
योगी सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान हर परिवार की यात्रा सुरक्षित और सुगम रहे। इसी उद्देश्य से यूपीडा एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रबंधन और यात्रियों को सहायता देने के लिए लगातार काम कर रहा है।