Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दीपोत्सव में दिखेगा त्रेतायुग का नजारा, राम की पैड़ी पर बनेंगे पुष्पक विमान और राम दरबार

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए योगी सरकार की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार राम की पैड़ी पर श्रद्धालुओं को पुष्पक विमान और राम दरबार के दर्शन होंगे। इन भव्य संरचनाओं के जरिए भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और रामायण काल के दृश्यों को जीवंत रूप में दिखाने की तैयारी की जा रही है।

पर्यटन विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे पुष्पक विमान की लंबाई 30 फीट, चौड़ाई 12 फीट और ऊंचाई 16 फीट होगी। वहीं, राम दरबार 30 गुणा 20 फीट के क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसकी ऊंचाई करीब 20 फीट होगी। दोनों संरचनाएं प्लाई और कैनवास मटेरियल से तैयार की जा रही हैं।

बंगाल समेत कई राज्यों के कारीगर कर रहे निर्माण

इन भव्य संरचनाओं को तैयार करने के लिए बंगाल और दूसरे राज्यों के सैकड़ों कुशल कारीगर जुटे हुए हैं। कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि निर्माण में हर बारीकी का ध्यान रखा जा सके।

पुष्पक विमान को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी का दृश्य देखने को मिले। वहीं, राम दरबार में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की झलक दिखाई देगी।

सरयू नदी में तैरेंगी रामायण थीम की तीन नावें

दीपोत्सव के आकर्षण को बढ़ाने के लिए रामायण थीम पर आधारित तीन नावें भी तैयार की गई हैं। ये नावें सरयू नदी में तैरेंगी। दीपों की रोशनी और पानी में उनकी परछाईं के बीच नावों का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनेगा।

कारीगरों को भी मिल रहा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को वैश्विक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दीपोत्सव की ये तैयारियां श्रद्धालुओं को रामायण काल की झलक दिखाने के साथ कारीगरों को रोजगार के अवसर भी दे रही हैं। राम की पैड़ी पर पुष्पक विमान, राम दरबार और सरयू में तैरती नावें इस बार दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ाएंगी।