Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशोभूमि में SEMICON India 2026 का किया उद्घाटन     |   एअर इंडिया क्रैश पर बोइंग के व्हिसलब्लोअर ने AAIB पर उठाए गंभीर सवाल, मांगा ACARS और AHM डेटा     |   पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन आज, राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू से अमित शाह तक ने दी बधाई     |   वेस्ट एशिया संकट के बीच सरकार का फैसला, पेट्रोल-डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क घटा     |   जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में एनकाउंटर में 2 आतंकी ढेर, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरा     |  

योगी सरकार स्कूलों में प्रार्थना सभा को बनाएगी संगीतमय, 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार विद्यालयी शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं को अधिक प्रभावी और संगीतमय बनाने की पहल की जा रही है। इसके तहत 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं की संगीतबद्ध वीडियो सामग्री तैयार की जाएगी, जिसे बाद में डिजिटल मंचों के माध्यम से विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाई जा रही इस पहल के तहत बुधवार को राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी), निशातगंज के सभागार में संगीत शिक्षकों और विद्यार्थियों की कार्यशाला आयोजित की गई। एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र के निर्देशन में हुई कार्यशाला में चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में प्रेरणादायक और संगीतमय प्रार्थनाओं को शामिल करना है। लखनऊ मंडल की टीम के सहयोग से 12 प्रार्थनाओं की रीयल टाइम शूटिंग और रिकॉर्डिंग की जाएगी। संगीत शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ स्टूडियो में प्रार्थनाओं की रिकॉर्डिंग की जाएगी। इसके बाद तकनीकी संपादन के माध्यम से अंतिम वीडियो सामग्री तैयार होगी। इससे विद्यालयों को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण प्रार्थना सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यशाला के दौरान स्टूडियो रिकॉर्डिंग और कराओके तकनीक का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही लिरिक्स डिस्प्ले सिस्टम और ऑडियो मिक्सिंग तकनीक के बारे में जानकारी दी गई। संगीत शिक्षकों को रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया समझाने के साथ समूह गायन का अभ्यास भी कराया गया। कार्यशाला में 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं का परिचय और विद्यालयों में इनके उपयोग की योजना पर चर्चा की गई।

डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि रिकॉर्डिंग और संपादन के बाद तैयार अंतिम वीडियो सामग्री को यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यालय और शिक्षक अपनी जरूरत के अनुसार इन प्रार्थनाओं का प्रार्थना सभा में उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में क्षमता होती है और शिक्षक की जिम्मेदारी उसकी योग्यता को पहचानकर निखारना है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करने और देश की सेवा के लिए शिक्षा के महत्व को समझने का संदेश दिया। एसआईईटी की ओर से विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री को डिजिटल और वीडियो प्रारूप में तैयार कर उन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

इन 12 प्रार्थनाओं की होगी रिकॉर्डिंग

इस पहल के तहत निम्नलिखित 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं को संगीतबद्ध कर वीडियो रूप में तैयार किया जाएगा:

  1. इतनी शक्ति हमें देना दाता

  2. हमको मन की शक्ति देना

  3. ऐ मालिक तेरे बंदे हम

  4. तेरी है जमीन तेरा आसमान

  5. ओ पालनहारे

  6. तुम्हीं हो माता पिता तुम्हीं हो

  7. तू प्यार का सागर है

  8. ज्योति से ज्योति जगाते चलो

  9. बादल पे पांव है

  10. इंसाफ की डगर पे

  11. हम होंगे कामयाब

  12. आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं

कार्यशाला के बाद संगीत शिक्षकों और छात्राओं को एसआईईटी स्टूडियो का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें रिकॉर्डिंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। लखनऊ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने रीयल टाइम रिकॉर्डिंग को लेकर सुझाव दिए। विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार भी उपस्थित रहे, जबकि प्रशासनिक अधिकारी अजीत सिंह ने कार्यशाला का संचालन किया।