Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

सरयू-कमला एक्सप्रेस से मजबूत होंगे भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्ते, रामलला और माता जानकी के दर्शन होंगे आसान: CM योगी

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंधों को नई मजबूती देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि यह रेल सेवा दोनों देशों की आस्था और मित्रता के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ाएगी।

सीएम योगी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विरासत और विकास' के विजन का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के भक्तों के लिए जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन करना आसान होगा। यह सेवा अयोध्या और मिथिला के बीच सदियों पुराने संबंधों को फिर से जीवंत करेगी।

 राम-जानकी की परंपरा से जुड़ा है भारत-नेपाल का रिश्ता

vbFvSDF

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं। दोनों की साझा संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारिवारिक परंपराएं इस रिश्ते को विशेष बनाती हैं। इसे राम-जानकी की परंपरा में 'रोटी-बेटी' का संबंध कहा जाता है।

उन्होंने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के महर्षि विश्वामित्र के साथ मिथिला जाने तथा विवाह के बाद महाराजा दशरथ की बारात के जनकपुर पहुंचने का प्रसंग याद किया। विवाह पंचमी के अवसर पर आज भी दोनों क्षेत्रों में इस परंपरा को उत्सव के रूप में मनाया जाता है।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला में भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान दिया जाता है। पिछले वर्ष विवाह पंचमी के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा स्थापित की गई थी। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में नेपाल के संतों, युवाओं और श्रद्धालुओं के योगदान को भी याद किया।

पशुपतिनाथ से काशी और लुंबिनी से कुशीनगर तक साझा विरासत

bfvfS

योगी आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ और काशी विश्वनाथ धाम के बीच लंबे समय से आस्था का जुड़ाव रहा है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु भी वर्षों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते रहे हैं।

उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से खिचड़ी भेजने की परंपरा और चैत्र नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ आने वाले श्रद्धालुओं का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध की साझा विरासत को भी महत्वपूर्ण बताया। बुद्ध का जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ, जबकि उनके जीवन और धर्म से जुड़े कई प्रमुख स्थल उत्तर प्रदेश में हैं। कपिलवस्तु-पिपरहवा, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर इस विरासत के प्रमुख केंद्र हैं।

सीएम योगी ने बताया कि जुलाई 2025 में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेष 127 साल बाद हांगकांग से भारत वापस लाए गए थे। पिपरहवा सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है।

नदियां भी जोड़ती हैं दोनों देशों को

vdfgrtgr

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से निकलने वाली कर्णाली, गंडकी, राप्ती और महाकाली जैसी नदियां उत्तर प्रदेश में घाघरा यानी सरयू, गंडक, राप्ती और शारदा के रूप में यहां के जनजीवन और कृषि को समृद्ध करती हैं। दोनों देशों के बीच प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक परंपराओं का भी गहरा संबंध है।

उन्होंने भारत-नेपाल की खुली सीमा को आपसी विश्वास का उदाहरण बताया। दोनों देशों के लोग रोजाना व्यापार, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जरूरतों के लिए एक-दूसरे के यहां आते-जाते हैं।

'पड़ोसी प्रथम' नीति से बढ़ रहा संपर्क

bfvdf

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'पड़ोसी प्रथम' नीति के तहत भारत और नेपाल के बीच सड़क, रेल, डिजिटल, ऊर्जा और व्यापारिक संपर्कों को मजबूत किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ करीब 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

उन्होंने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जनकपुर में जनकपुर-अयोध्या बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय अयोध्या में बस का स्वागत करने का अवसर मिला था और अब रेल सेवा के जरिए दोनों धामों का संपर्क और बेहतर होगा।

सीमा क्षेत्रों में सड़क और रेल सुविधाओं का विस्तार

vfvD

मुख्यमंत्री ने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रुपईडीहा में प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है, जहां से भारत का नेपाल के साथ बड़ा निर्यात कारोबार होता है। इस क्षेत्र में औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है।

लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के तहत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन सड़क बनने से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा का समय लगभग आधा होने की उम्मीद है। रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के जरिए ब्रॉडगेज और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से भी जोड़ा गया है।

सीएम योगी ने सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि यहां यात्रियों और माल परिवहन के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पिछले सप्ताह 1,450 करोड़ रुपये की लागत से बने 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण किया गया। नेपाल सीमा से सिद्धार्थनगर और बस्ती होते हुए प्रयागराज तक फोरलेन कॉरिडोर बनाने की योजना पर भी काम जारी है।

उन्होंने प्रस्तावित 750 किलोमीटर लंबे छह लेन के गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर जाने वाले श्रीराम-जानकी मार्ग का भी उल्लेख किया। इन परियोजनाओं से व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से बदल रही अयोध्या की तस्वीर

bfgvSF

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या अब आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के साथ तेजी से विकसित हो रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के जरिए रामनगरी को देश और दुनिया से जोड़ा गया है। पहले यहां सिंगल रेल लाइन थी, जबकि अब डबल रेल लाइन के साथ वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट के धार्मिक पर्यटन को भी नई गति देगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी, जहां माता सीता को समर्पित भव्य जानकी मंदिर और आध्यात्मिक नगरी विकसित की जा रही है।

10 स्टेशनों पर ठहराव, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा लाभ

bfbd

सीएम योगी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार, होटल, स्थानीय परिवहन और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिला कलाकारों का उल्लेख किया। बेहतर रेल संपर्क से स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजार मिलेंगे और महिला कारीगरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस केवल यातायात का साधन नहीं है, बल्कि दोनों देशों की साझा विरासत, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है।

कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे। अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।