Breaking News

मुंबई में BEST बस से टकराया टैंकर, 4 यात्री घायल     |   यूपी के हरदोई में मिलावट के शक में 38 हजार लीटर दूध जब्त     |   यूपी पशुपालन भर्ती घोटाले में रिटायर्ड IAS योगेश कुमार गिरफ्तार, सपा सरकार में थे प्रमुख सचिव     |   जौहर ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों में आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज की FIR     |   नई दिल्ली से पटना के बीच चलेगी वंदे मातरम ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल     |  

बिहार में बाढ़ प्रभावित 2.48 लाख किसानों को मिली राहत, सम्राट चौधरी ने खाते में भेजे 112.52 करोड़ रुपये

बिहार में बाढ़ और भारी बारिश से फसल बर्बाद होने वाले किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को 112.52 करोड़ रुपये की कृषि इनपुट सब्सिडी जारी की। यह राशि राज्य के 2,48,704 पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी गई।

पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ कक्ष में कृषि विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में यह राशि ट्रांसफर की गई। अगस्त में भारी बारिश और बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को नुकसान हुआ था। सरकार का कहना है कि आर्थिक सहायता से किसानों को दोबारा खेती शुरू करने में मदद मिलेगी।

22 अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दशहरा के बाद 22 अक्टूबर से विशेष अभियान चलाकर उन किसानों तक सहायता पहुंचाई जाए, जिनकी फसल बाढ़ से खराब हुई है, लेकिन अब तक उन्हें सब्सिडी नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसी भी किसान को सहायता से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। सरकार की प्राथमिकता संकट के समय किसानों को समय पर आर्थिक राहत देना है, ताकि वे खेती के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था कर सकें।

4.57 लाख किसानों ने किया था आवेदन

कार्यक्रम में दी गई जानकारी के अनुसार, कृषि इनपुट सब्सिडी के लिए कुल 4,57,616 किसानों ने आवेदन किया था। इनमें से पहले चरण में पात्र पाए गए 2,48,704 किसानों को सहायता दी गई है। शेष प्रभावित किसानों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

फसल के प्रकार के अनुसार मिलती है सब्सिडी

बिहार सरकार की कृषि इनपुट सब्सिडी योजना के तहत फसल और सिंचाई की स्थिति के अनुसार सहायता दी जाती है।

  • असिंचित क्षेत्र: 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर

  • सिंचित क्षेत्र: 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर

  • बारहमासी फसलें: 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक मदद किसानों को फसल नुकसान के बाद खेती से जुड़ी जरूरतें पूरी करने में सहायक होगी। उन्होंने बाढ़ के दौरान राहत कार्यों में कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय की भी सराहना की।

किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।