Breaking News

फ्रांस में दंगों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,700 लोग हिरासत में लिए गए     |   तिब्बत में 7 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत, 32 घायल     |   टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से दबोचे गए तीन आरोपियों से कड़ी पूछताछ     |   हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का बड़ा असर, कई कंपनियां और दफ्तर बंद     |   बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी     |  

योगी सरकार की निगरानी में लखनऊ के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज, 60 पंपों से निकाला जा रहा पानी

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों में जनजीवन सामान्य बनाने के लिए लगातार राहत और सफाई कार्यों की निगरानी कर रही है। इसी क्रम में लखनऊ नगर निगम ने फैजुल्लागंज समेत प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी, कूड़ा उठान और मच्छर नियंत्रण अभियान तेज कर दिया है। जोन-3 और जोन-6 में 60 पंपों की मदद से पानी निकाला जा रहा है, जबकि 12 मशीनों से नालों की सफाई और जमा सिल्ट हटाने का काम किया जा रहा है।

गुरुवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने फैजुल्लागंज के लोहरामऊ और दाउदनगर का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले स्थानों पर तेजी से पानी निकाला जाए और पानी उतरने के बाद जमा मिट्टी, कीचड़ और गंदगी हटाकर सड़कों व गलियों को आवागमन योग्य बनाया जाए।

60 पंपों से जलनिकासी, 12 मशीनों से नालों की सफाई

नगर निगम के अनुसार, जोन-3 के फैजुल्लागंज क्षेत्र में 40 डीजल और आठ इलेक्ट्रिक सहित कुल 48 पंप लगाए गए हैं। वहीं, जोन-6 में 12 डीजल पंपों से पानी निकाला जा रहा है। इस तरह दोनों जोन में कुल 60 पंप जलनिकासी के काम में लगे हैं।

इसके अलावा 12 टीएमएक्स डिसिल्टिंग मशीनों की मदद से नालों की सफाई और जमा सिल्ट हटाई जा रही है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु रखा जाए। प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने पर भी जोर दिया गया।

ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग अभियान तेज

बाढ़ के बाद मच्छरों के प्रजनन और मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए नगर निगम ने एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान तेज किया है। जोन-3 में तीन ड्रोन की मदद से करीब 67 एकड़ क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है।

इस क्षेत्र में पांच मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों और 15 बैटरी चालित एंटी लार्वा मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। फॉगिंग के लिए चार बड़ी और 10 छोटी मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा छह टैंकरों से सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव कराया जा रहा है।

जोन-6 में सात बड़ी और 24 छोटी फॉगिंग मशीनों से मच्छरों पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर, चूना, मैलाथियान और एंटी लार्वा का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार, करीब 22 किलोमीटर लंबी गलियों में फॉगिंग कराई गई है।

176 थ्री-व्हीलर से घर-घर उठाया जा रहा कूड़ा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए कूड़ा उठान का काम भी तेज किया गया है। नगर निगम की ओर से 176 थ्री-व्हीलर वाहनों के जरिए घर-घर से कूड़ा एकत्र किया जा रहा है। इसके साथ करीब 55 टाटा ऐस वाहन, आठ ट्रैक्टर और आठ मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें भी लगाई गई हैं।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों, सेप्टिक टैंकों और जलभराव वाले स्थानों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। पानी उतरने के बाद जमा गंदगी और कीचड़ को हटाकर सड़कों तथा गलियों को जल्द साफ किया जाए, ताकि लोगों की आवाजाही सामान्य हो सके।

प्रभावित परिवारों के स्वास्थ्य और स्वच्छ पेयजल पर जोर

योगी सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी, सफाई, कूड़ा उठान और मच्छर नियंत्रण के काम में जुटी हैं। प्रशासन का जोर बाढ़ के बाद गंदगी से होने वाली परेशानियों को कम करने और लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर है।

नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे जलभराव वाले स्थानों पर कूड़ा न डालें, आसपास सफाई बनाए रखें और पीने के पानी की स्वच्छता का ध्यान रखें। इन प्रयासों का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में जनजीवन को जल्द सामान्य बनाना और लोगों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।