Breaking News

नेपाल के PM बालेन्द्र शाह पहली बार भारत दौरे पर पहुंचे, PM मोदी के न्योते पर आए दिल्ली     |   एशिया कप राइजिंग: 264 रन पर पाकिस्तान को छठा झटका, इमरान रंधावा 23 रन बनाकर आउट     |   विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय बैठक की     |   एशिया कप राइजिंग: 284 रन पर पाकिस्तान को लगा सातवां झटका, साद मसूद को विपराज ने किया चलता     |   खुली सीमाएं देशों को बर्बाद कर देती हैं: डोनाल्ड ट्रंप     |  

PM Modi ने ITI प्रशिक्षुओं को दिया सफलता का मंत्र, बोले- हुनरमंद युवाओं का रोजगार कोई नहीं छीन सकता

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करने का संदेश दिया है। लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने देशभर से आए आईटीआई प्रशिक्षुओं का उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के सामने अवसरों का पूरा आसमान खुला है। उन्हें कभी खुद को अकेला नहीं समझना चाहिए, क्योंकि देश उनके साथ खड़ा है।

पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं का हुनर, मेहनत और क्षमता ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आईटीआई में प्राप्त प्रशिक्षण सिर्फ नौकरी पाने का जरिया नहीं, बल्कि देश के विकास में योगदान देने का माध्यम भी है। भारत का आने वाला कल युवाओं के हाथों और उनके कौशल से ही तैयार होगा।

IIT की तरह ITI के विद्यार्थियों को भी मिले सम्मान

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई दोनों ही देश की महत्वपूर्ण संपत्ति हैं। पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लखनऊ के आईटीआई प्रशिक्षुओं के बीच पहुंचने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को भी आईआईटी के छात्रों के समान सम्मान मिलना चाहिए।

उन्होंने समाज में मौजूद उस सोच को बदलने की जरूरत बताई, जिसमें आईटीआई में पढ़ने वाले युवाओं को कमतर आंका जाता है। पीएम ने कहा कि बड़ी कंपनियों में कुछ लोग भले ही डिग्री और प्रमाणपत्र के आधार पर काम करते हों, लेकिन उन संस्थानों को चलाने के लिए बड़ी संख्या में कुशल तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत होती है।

भारत की पारंपरिक पहचान रहा है कौशल और हुनर

भारतीय कारीगरी और कौशल की विरासत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने लखनऊ की चिकनकारी, बनारस और कांचीवरम की रेशमी साड़ियों, कश्मीर की पश्मीना, मलमल, कलमकारी, सूती कपड़ों, धातु शिल्प, कांच और पंचधातु की मूर्तिकला का उदाहरण दिया।

उन्होंने गुजरात की ‘वसवाया’ परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि गांवों के बसने के साथ ही वहां जीवन की जरूरतों को पूरा करने वाले अलग-अलग हुनर के लोगों की भी बसावट होती थी। समाज की दैनिक आवश्यकताओं को समझने के लिए उन्होंने अधिकारियों से सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक और जन्म से मृत्यु तक जरूरी सेवाओं की सूची तैयार करने को कहा था। शुरुआती सूची में 30-35 काम सामने आए, लेकिन विस्तार से अध्ययन करने पर करीब एक हजार प्रकार के कार्यों की पहचान हुई। प्रधानमंत्री के मुताबिक, यही अलग-अलग कौशल समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डिग्री से ज्यादा हुनर की होगी अहमियत

पीएम मोदी ने कहा कि विदेशी आक्रमणकारियों ने भारतीय कारीगरों के कौशल को कमजोर करने का प्रयास किया। वहीं, अंग्रेजों ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के जरिए व्यावहारिक कौशल की परंपरा को पीछे कर दिया और कागजी काम करने वाले कर्मचारियों को तैयार करने वाली शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा दिया।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी डिग्री और प्रमाणपत्र को अधिक महत्व दिया जाता रहा, जबकि हाथ से काम करने वाले युवाओं को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। दादाजी धर्माधिकारी की पुस्तक में दर्ज एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पोस्ट ग्रेजुएट या गोल्ड मेडलिस्ट होना पर्याप्त नहीं है, व्यक्ति को कोई काम करना भी आना चाहिए। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रमाणपत्रों के मुकाबले वास्तविक हुनर की अहमियत कहीं अधिक होगी।

दुनिया में भारतीय हुनरमंद युवाओं की बढ़ रही मांग

प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत की यात्राओं का अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन देशों के शाही परिवार भी भारतीय कारीगरों की मेहनत और उनके कौशल की प्रशंसा करते हैं। आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कामगारों का अहम योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि कई देश भारत के साथ होने वाले समझौतों में हर साल हजारों कुशल कर्मचारियों की मांग कर रहे हैं। दुनिया को आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत है और भारत को वैश्विक स्किल कैपिटल बनाने में यही युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

AI के दौर में भी हुनरमंद युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण नौकरियां कम होने की आशंकाओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस व्यक्ति के पास वास्तविक कौशल है, उसके रोजगार को कोई आसानी से खत्म नहीं कर सकता। कोरोना महामारी के दौरान भी पूरी दुनिया ने कुशल कामगारों की जरूरत और उनके महत्व को समझा था।

उन्होंने भारत के मोबाइल विनिर्माण क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि देश अब मोबाइल फोन आयात करने वाले राष्ट्र से आगे बढ़कर उनका निर्माण करने वाला देश बन चुका है। इस बदलाव में युवाओं की तकनीकी दक्षता और मेहनत का बड़ा योगदान है।

एक दशक में देश में खुलीं करीब 5 हजार नई ITI

प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद पिछले एक दशक में देशभर में लगभग पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। इन संस्थानों में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में पांच लाख से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि छात्राओं की भागीदारी ढाई गुना से ज्यादा बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों की क्षमता और संस्थानों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर काम कर रही है। आईटीआई में 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड भी शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट्स और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी कौशल विकास को प्राथमिकता दी गई है।

ITI प्रशिक्षण को उद्योगों और नई तकनीक से जोड़ने पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि आईटीआई से प्रशिक्षित युवा अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों के संचालन से लेकर औद्योगिक इकाइयों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने तक महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए प्रशिक्षण संस्थानों का पाठ्यक्रम, मशीनें और प्रशिक्षकों का ज्ञान समय के साथ बदलती तकनीक के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षण और उद्योगों के बीच सीधा तालमेल स्थापित करने की जरूरत पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने पीएम सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

प्लंबरों की कमी से सामने आई कुशल कामगारों की जरूरत

रोजगार के अवसरों को समझाने के लिए प्रधानमंत्री ने पीएनजी कनेक्शन का उदाहरण दिया। पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज संकट के कारण गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा था।

उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान सामने आया कि पर्याप्त धन और संसाधन होने के बावजूद प्लंबरों की कमी के कारण इस लक्ष्य को पूरा करने में परेशानी आ रही थी। पीएम ने कहा कि यह स्थिति बताती है कि देश में कुशल तकनीकी कामगारों की कितनी बड़ी आवश्यकता है। इसके अलावा सौर ऊर्जा, खेल उपकरण, फिटनेस और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता

प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत वर्ष 2027 में वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का केंद्र उत्तर प्रदेश का ग्रेटर नोएडा होगा। यहां एशिया के विभिन्न देशों से आए युवा अपनी तकनीकी दक्षता और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री ने इस आयोजन की मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

UP में विकास परियोजनाओं से युवाओं के लिए खुल रहे रोजगार के रास्ते

उत्तर प्रदेश की प्रगति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में अवसरों की कमी वाली पुरानी स्थिति को बदलने का काम किया है। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल निर्माण और सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार के लिए पहचाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी अब उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इन औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ कौशल आधारित काम के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने काशी में एक फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान मिली एक युवती का अनुभव साझा किया। उस युवती ने बताया था कि वह रात 11 बजे काम खत्म करने के बाद भी सुरक्षित अपने घर पहुंच जाती है। पीएम ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का ऐसा माहौल तैयार किया है, जहां बेटियां देर रात भी काम से घर लौटने में सुरक्षित महसूस करती हैं। उनके मुताबिक, सुरक्षा का भरोसा और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत की बुनियाद हैं।

युवाओं की सफलता से परिवार और देश दोनों को मिलेगा गौरव

प्रधानमंत्री ने गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोगों और चार करोड़ पक्के मकानों के निर्माण जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रयासों से कुशल कामगारों के लिए भी रोजगार के अनेक अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने बताया कि घरों तक बिजली, पानी की पाइपलाइन और दूसरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में इलेक्ट्रीशियन, बढ़ई, प्लंबर और तकनीकी कामगारों का योगदान बेहद अहम रहा है। पीएम ने युवाओं से अपने हुनर को समाज और राष्ट्र की ताकत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़ेंगे तो उनके परिवार का सम्मान बढ़ेगा और देश भी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

प्रधानमंत्री ने देशभर के ITI टॉपर्स को किया सम्मानित

कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न ट्रेड और श्रेणियों में ऑल इंडिया टॉप करने वाले प्रशिक्षुओं को मंच पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मानित प्रतिभाओं में सीटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स, दिव्यांग श्रेणी के विशेष टॉपर्स, महिला एवं कठिन ट्रेडों के टॉपर्स और सीआईटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स शामिल रहे।

सीटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स:

  • इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में काव्या लेका आर.एन. को सम्मानित किया गया। वह तमिलनाडु के नागरकोइल स्थित एसएमआरवी गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर वुमेन की प्रशिक्षु हैं।
  • कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड में संधना लक्ष्मी आर. को पुरस्कार मिला। वह पुल्लंबाड़ी के गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर वुमेन से हैं।
  • डेटा एंट्री ऑपरेटर ट्रेड में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की ताबिश शौकत को सम्मानित किया गया।

सीटीएस स्पेशल टॉपर्स – दिव्यांग श्रेणी:

  • मेटल कटिंग अटेंडेंट ट्रेड में पश्चिम बंगाल की रामकृष्ण मिशन ब्लाइंड बॉयज एकेडमी के अमित बैरागी को पुरस्कार मिला।
  • कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड में मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित गवर्नमेंट डिवीजनल आईटीआई के सूरज साहू सम्मानित हुए।

सीटीएस स्पेशल टॉपर्स – महिला एवं कठिन ट्रेड श्रेणी:

  • मैकेनिकल मोटर व्हीकल ट्रेड में ओडिशा के पुरी स्थित गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की सुप्रीति मोहपात्रा को सम्मानित किया गया।
  • सोलर टेक्नीशियन इलेक्ट्रिकल ट्रेड में तमिलनाडु के अलथूर स्थित गवर्नमेंट आईटीआई की संगीता टी. को पुरस्कार प्रदान किया गया।

सीआईटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स:

  • ऑफिस मैनेजमेंट ट्रेड में केरल के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की एंजेल मैरी एंटो को सम्मान मिला।
  • इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में उत्तर प्रदेश के अलीगंज स्थित गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स के शहबाज खान सम्मानित हुए।
  • इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ट्रेड में नोएडा के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की संध्या देवी को पुरस्कार दिया गया।

इन सभी सम्मानित प्रशिक्षुओं के लिए तैयार की गई विशेष पोशाकें नोएडा स्थित एनएसटीआई फॉर वुमेन की सीआईटीएस प्रशिक्षुओं ने खुद डिजाइन की थीं और उन्हें अपने हाथों से तैयार किया था।