Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

PM मोदी ने जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं की दी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी किया, जिनमें जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी शामिल है। करीब 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों को आधुनिक और यात्री सुविधाओं से लैस बनाया गया है। 'विरासत भी, विकास भी' की थीम पर तैयार किए गए इन स्टेशनों में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला की झलक देखने को मिलती है।

प्रधानमंत्री ने दौलतपुर चौक-करटोली नई रेल लाइन का भी उद्घाटन किया। करीब 830 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह रेल लाइन नंगल डैम-तलवाड़ा-मुकेरियां नई रेल लाइन परियोजना का हिस्सा है। इससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और होशियारपुर तथा ऊना जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा। यह नई रेल लाइन श्री आनंदपुर साहिब और मां चिंतपूर्णी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच को भी आसान बनाएगी।

प्रधानमंत्री ने करटोली-अंबाला ट्रेन सेवा और अमृतसर (छेहर्ता)-वाराणसी ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। इन सेवाओं से पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क बेहतर होगा, वहीं अमृतसर और वाराणसी जैसे दो प्रमुख धार्मिक शहरों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। पीएम मोदी ने राज्य में 3,070 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया।

उन्होंने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन किया। इस चार लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी, यात्रा का समय घटेगा और ईंधन की बचत होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने 25.2 किलोमीटर लंबे छह लेन दक्षिणी लुधियाना बाईपास की आधारशिला भी रखी। इस परियोजना से लुधियाना और बठिंडा के बीच यात्रा दूरी और समय कम होगा तथा राज्य के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क और बेहतर होगा।