उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजभर ने कहा कि इतिहास गवाह है कि ललकारकर भागने वाले को ‘भगोड़ा’ कहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव भगोड़े साबित नहीं होंगे।
राजभर का यह बयान अयोध्या से चुनाव लड़ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनौती के संदर्भ में सामने आया है। उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या और जहूराबाद का जिक्र करते हुए निशाने पर लिया और उनसे राजनीतिक चुनौती स्वीकार करने को लेकर सवाल किया।
‘जिस मुद्दे पर बोलना होता है, उस पर चुप क्यों रहते हैं?’
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि जिन मुद्दों पर उन्हें बोलना चाहिए, उन पर वह चुप क्यों रहते हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “क्यों बढ़-चढ़कर और बड़ी-बड़ी करते हैं महाराज? जिस मुद्दे पर बोलना होता है, उस पर क्यों नहीं कुछ बोलते?”
राजभर ने कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद को लेकर भी सपा प्रमुख से खुलकर अपना पक्ष रखने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, इमरान मसूद और महिला नेता से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने पूछा कि इमरान मसूद के गिरेबान पर हाथ लगाना सही था या नहीं।
कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद पर भी घेरा
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के हाथ जोड़कर माफी मांगने के मामले का भी जिक्र किया। राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि कांग्रेस नेताओं की कथित गाली-गलौज को सही माना जाना चाहिए या नहीं। उन्होंने सपा प्रमुख से इन मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
‘2027 में बड़बोलापन और अहंकार मटियामेट होगा’
ओपी राजभर ने अपने बयान में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव और उनके सहयोगियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “खैर, आ रहा है 2027, इस बार आपका और आपके दोस्तों का बड़बोलापन और अहंकार दोनों मटियामेट हो जाएगा।”
राजभर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “यूपी का स्वाभिमान जीतेगा, 27 यूपी जीतेगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में 2027 के चुनाव को लेकर बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।