Venezuela: डोमिनिकन गायिका नैटी नताशा ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों के लिए वैश्विक समुदाय से आगे आने की अपील की है। उन्होंने लोगों से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए दिल खोलकर दान देने का आग्रह किया।
आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा किए गए संदेश में नैटी नताशा ने लिखा, “आज वेनेजुएला को हम सभी की जरूरत है। मैं आप सभी से इस नेक अभियान से जुड़ने और दिल से योगदान देने की अपील करती हूं। राशि कितनी भी छोटी हो, हर मदद मायने रखती है और उस परिवार के लिए उम्मीद बन सकती है जिसने इस आपदा में सब कुछ खो दिया है।”
उन्होंने लैटिन अमेरिकी एकजुटता का जिक्र करते हुए कहा, “हम लैटिन अमेरिकी हमेशा यह साबित करते आए हैं कि जब हमारे अपने लोगों को मदद की जरूरत होती है, तो हम एकजुट होकर उनके साथ खड़े होते हैं।”
नताशा ने यह भी कहा कि मानवता की सेवा किसी सीमा या राष्ट्रीयता की मोहताज नहीं होती। उन्होंने लिखा, “मदद की कोई राष्ट्रीयता नहीं होती, उसका संबंध सिर्फ दिल से होता है।” गायिका ने समर्थकों को आई लव वेनेज़ुएला फ़ाउंडेशन द्वारा संचालित एक GoFundMe अभियान के माध्यम से सहायता भेजने का आग्रह किया और इसे योगदान देने का सुरक्षित एवं विश्वसनीय माध्यम बताया।
सोशल मीडिया पर उनकी अपील को व्यापक समर्थन मिला है। कई लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों से मदद की गुहार और जमीनी हालात की जानकारी साझा की है। विशेष रूप से La Guaira सहित कई इलाकों से तत्काल सहायता की मांग की जा रही है।
नैटी नताशा ने लोगों से अपील की कि वे इस संदेश को अधिक से अधिक साझा करें और अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान करें, ताकि जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाई जा सके। इस बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राहत अभियान तेज हो गया है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि अमेरिका की टीमें वेनेजुएला में खोज एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ मानवीय और चिकित्सा सहायता पहुंचाने में जुटी हैं।
अमेरिकी दूतावास के अनुसार, विशेष खोज एवं बचाव उपकरणों की पहली खेप वेनेजुएला पहुंच चुकी है। लगभग 80-80 विशेषज्ञों वाली दो अमेरिकी टीमें, जिनमें दमकलकर्मी, डॉक्टर, संरचनात्मक इंजीनियर और मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने वाले 12 प्रशिक्षित खोजी कुत्ते शामिल हैं, सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में तैनात किए जा रहे हैं।
वहीं, मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शिनबाम पार्दो ने अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ से फोन पर बातचीत कर भूकंप पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भूकंप के बाद भी क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां जारी हैं। शुक्रवार को वेनेजुएला के उत्तरी तट के पास 4.9 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने देश के कई हिस्सों, खासकर कराकास, में भारी तबाही मचाई थी। इस आपदा में अब तक कम से कम 920 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।