उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से विपक्षी एकता के आह्वान पर सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद और राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विपक्षी एकता के दावे पर सवाल उठाए और विपक्ष पर केवल बयानबाजी तक सीमित रहने का आरोप लगाया।
विपक्ष को 70 साल तक देख चुके हैं लोग: संजय निषाद
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष के पास बयानबाजी, पोस्टरबाजी और एसी-पीसी के अलावा कोई शक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग विपक्ष को 70 साल तक देख चुके हैं। उनके मुताबिक, विभिन्न दलों के नेताओं ने यह सब देखने के बाद ही अपने राजनीतिक दल बनाए या एनडीए के साथ आए।
संजय निषाद ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से बाहर रहने पर उन्हें विपक्षी दलों में मिलन दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। संजय निषाद ने 2027 में एनडीए की जीत का दावा भी किया।
दानिश आजाद ने सपा के दावों पर उठाए सवाल
राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी बड़े-बड़े दावे कर रही थी, लेकिन अब उसके दावों की पोल खुल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने झूठ का जो गुब्बारा फुलाया था, अब उसकी हवा निकल चुकी है। दानिश आजाद ने समाजवादी पार्टी पर उत्तर प्रदेश में गफलत और नफरत की राजनीति फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इसके लिए समाजवादी पार्टी को कभी माफ नहीं करेगी।
2027 को लेकर दानिश आजाद का दावा
दानिश आजाद अंसारी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस तरीके से चुनाव की ओर बढ़ रही है, उसकी अब तक की सबसे बड़ी हार होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।