राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 21 जुलाई को होने वाली अपनी संसदीय दल की बैठक का नाम 'मंगल मिलन' रखा है। यह बैठक सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। इसमें लोकसभा और राज्यसभा के सभी एनडीए सांसद शामिल होंगे।संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार के विधायी एजेंडे को देखते हुए इस बैठक को अहम माना जा रहा है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के अनुसार, मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश कर सकती है।
मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पारित कराने की सरकार की तैयारी है। वहीं, हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों और विपक्षी दलों की रणनीति के चलते संसद में तीखी बहस होने की संभावना है। विपक्ष मानसून सत्र में NEET-UG पेपर लीक और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हताहतों को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का मुद्दा उठा सकता है। कांग्रेस इस मामले में रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन (ब्रीच ऑफ प्रिविलेज) का नोटिस भी दे चुकी है।
इस बीच, 130वें संविधान संशोधन विधेयक की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (JPC) भी 17 जुलाई को अपनी रिपोर्ट को मंजूरी दे सकती है, जिसके बाद इसे संसद में पेश किया जाएगा। इस विधेयक को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। प्रस्तावित संशोधन में प्रावधान है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या केंद्र और राज्य के मंत्री किसी गंभीर अपराध के मामले में लगातार 30 दिन तक न्यायिक हिरासत में रहते हैं, तो उन्हें अपने पद से स्वतः हटाना होगा। इसी प्रावधान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद बने हुए हैं।