Breaking News

लेबनान को संघर्ष-विराम में शामिल करे अमेरिका: ईरान के विदेश मंत्री     |   हुमायूं कबीर की पार्टी AUJP के बंगाल अध्यक्ष खोबायेब अमीन ने पद से इस्तीफा दिया     |   एचएएल ने भारतीय तटरक्षक बल को चार ALH Mk III मैरीटाइम रोल हेलीकॉप्टर सौंपे     |   बंगाल चुनाव: ममता दीदी अब जाने की तैयारी करें, इस उम्र में प्रचार मत करिए- अमित शाह     |   ‘उम्मीद है कि ईरान संग सार्थक बातचीत होगी’, PAK जाने से पहले बोले US उपराष्ट्रपति     |  

चारधाम यात्रा से पहले उत्तरकाशी में मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज

उत्तरकाशी जिले में चारधाम यात्रा मॉक एक्सरसाइज 2026 के तहत गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम क्षेत्रों में कुल आठ स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। गंगोत्री धाम क्षेत्र में भटवाड़ी, पापड़ गाड़, केदार ताल, धराली और तेलगाड़ सहित पांच स्थानों पर अभ्यास किया गया। वहीं यमुनोत्री धाम क्षेत्र में यमुनोत्री पैदल मार्ग, पालीगाड़ और कपाड़ गाड़ में तीन स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई।

इस मॉक अभ्यास के दौरान सभी संबंधित विभाग अपने-अपने संसाधनों के साथ निर्धारित स्थानों पर पहुंचे और संभावित आपदा स्थितियों से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में राज्य आपात संचालन केंद्र से सात जिलों में आयोजित किया जा रहा है।

मदन कौशिक ने कहा कि इस अभ्यास में संभावित चुनौतियों और आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि यह केवल चर्चा नहीं, बल्कि सभी जिलाधिकारियों और संबंधित बलों के साथ व्यावहारिक योजना भी बनाई गई है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय हो सकें।

उन्होंने आगे बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए अस्पताल, स्थानीय टीमें, सुरक्षा बल और जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। यह मॉक ड्रिल चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समीक्षा बैठक के बाद कहा था कि फिलहाल चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी विभाग यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।