Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

तमिलनाडु में बड़ा जेल ब्रेक! थेनी की सब-जेल से 17 कैदी फरार, मामले में 9 कर्मचारी सस्पेंड, 12 कैदी अब भी फरार

तमिलनाडु के थैनी सब-जेल से विचाराधीन कैदियों के फरार होने के मामले में जेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल के 9 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। तमिलनाडु के जेल महानिदेशक और पुलिस महानिदेशक संदीप राय राठौर ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात थैनी जिले के थेक्कमपट्टी स्थित अंडिपट्टी सब-जेल से 17 विचाराधीन कैदी फरार हो गए थे। इनमें से अब तक 5 कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 12 अभी भी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है।

मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर भागे कैदी

पुलिस के अनुसार, कैदियों ने कथित तौर पर मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर जेल कर्मचारियों से साझा सेल खुलवाया। इसके बाद उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया और जेल परिसर से फरार हो गए। इस घटना में जेल के तीन कर्मचारी घायल हुए। ग्रेड-II पुलिस कांस्टेबल थंगापांडी के सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो अन्य कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं।

17 विशेष टीमें तलाश में जुटीं

फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमें बनाई हैं। तलाशी अभियान के दौरान ड्रोन की मदद ली जा रही है। बस स्टैंडों पर जांच के साथ ही प्रमुख सड़कों पर वाहनों की तलाशी भी की जा रही है। थैनी जेल पहुंचे संदीप राय राठौर ने घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने फरार कैदियों की तस्वीरें मदुरै, डिंडीगुल और पड़ोसी राज्य केरल के इडुक्की जिले की पुलिस टीमों के साथ साझा की हैं। डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं, ताकि फरार कैदियों को दूसरे इलाकों में जाने से रोका जा सके।

पुलिस ने जारी किए फरार कैदियों के नाम

थैनी जिला पुलिस ने फरार कैदियों की पहचान कर उनके नाम जारी किए हैं। इनमें करुप्पासामी उर्फ मथन, थरुन कुमार, राजकुमार, पांडिसेल्वम, थिरुपति, पोनमुथुचेलवन, मीनाक्षी सुंदरम, सबरीनाथन, रेजिन, निशांत, मुथु इलंगोवन, कार्तिक राजा, प्रशांत उर्फ लिंगा प्रसाद, राजा सिकंदर, सिलंबरासन और सोलाई मुगिलेश्वरन शामिल हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फरार कैदियों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर थैनी जिला विशेष शाखा कार्यालय के नंबर 9498101570 या जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9176104100 पर सूचना दें। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार होने की पूरी घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें किसकी लापरवाही या भूमिका रही।a