Breaking News

कई देशों में Apple की सेवाएं ठप, आईक्लाउड और ऐप्पल पे प्रभावित     |   रूस में बड़ा विमान हादसा, सेना का An-12 प्लेन क्रैश, क्रू समेत 19 लोगों की मौत     |   इजरायल में नेतन्याहू को झटका, आइजनकोट गुट ने अपना स्पीकर चुना     |   Nvidia की तिमाही बिक्री ने रचा इतिहास, पहली बार 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार     |   पुणे के टिंबर मार्केट में आग का तांडव, 50 से अधिक दुकानें आईं चपेट में     |  

योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, आगरा के बाह में बनेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम

उत्तर प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में आगरा जिले के बाह विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके लिए ग्राम पंचायत उगनपुरा में युवा कल्याण विभाग के स्वामित्व वाली 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी।

कैबिनेट के फैसले के अनुसार उगनपुरा ग्राम पंचायत में गाटा संख्या 181 की कुल 2.476 हेक्टेयर जमीन खेल विभाग के नाम की जाएगी। इस भूमि पर आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम विकसित करने की योजना है। जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने से स्टेडियम निर्माण का रास्ता आसान होगा।

इस निर्णय की खास बात यह है कि भूमि को निःशुल्क उपलब्ध कराने से राज्य सरकार पर फिलहाल कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। सरकार को स्टेडियम परियोजना के लिए जरूरी जमीन मिल जाएगी, जिससे आगे की निर्माण प्रक्रिया शुरू करने में मदद मिलेगी।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण और प्रतिभा निखारने का अवसर

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित स्टेडियम से क्षेत्र के युवा और उभरते खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा विकसित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्हें प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण केवल खेल सुविधाओं को बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। निर्माण कार्य के दौरान असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को काम मिलेगा। वहीं, यहां से प्रशिक्षण हासिल करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर खेल के क्षेत्र में करियर बनाने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

योगी सरकार के इस फैसले से आगरा के बाह क्षेत्र में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।