मुंबई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.990 किलो एफेड्रिन जब्त किया है। यह ड्रग न्यूजीलैंड भेजी जानी थी। मामले में तमिलनाडु के चेन्नई से एक प्रमुख ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर NCB मुंबई ने 21 और 25 जुलाई को न्यूजीलैंड भेजे जा रहे तीन कूरियर पार्सल को पकड़ा। इन पार्सलों से कुल 10.990 किलो एफेड्रिन बरामद हुई। मामले में एस. हमीद नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
NCB मुंबई चेन्नई से चल रहे एक अंतरराष्ट्रीय एफेड्रिन तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही थी। यह नेटवर्क विदेशों में कूरियर भेजने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था। जांच एजेंसी को गुमराह करने के लिए आरोपी मुंबई और पुणे जैसे अलग-अलग शहरों में जाकर कूरियर बुक करते थे।
21 जुलाई को मिली सूचना के आधार पर मुंबई में न्यूजीलैंड भेजे जा रहे दो संदिग्ध कूरियर पार्सल पकड़े गए। पार्सल खोलने पर इनमें फ्लोर मैट मिले। जांच करने पर पता चला कि मैट और कपड़े की परतों के बीच 7 किलो एफेड्रिन छिपाकर रखी गई थी। कूरियर के साथ लगाए गए दस्तावेजों की जांच में वे फर्जी पाए गए।
जांच के दौरान कूरियर का लिंक तमिलनाडु के चेन्नई के ट्रिप्लिकेन इलाके में रहने वाले एक संदिग्ध से मिला। इसके बाद उसके ठिकाने पर छापेमारी कर आरोपी एस. हमीद को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पैकिंग सामग्री, डिजिटल वजन मशीन, हीट सीलिंग मशीन, प्लास्टिक बैग, फर्जी पहचान पत्र और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। हमीद को 23 जुलाई को गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया।
पूछताछ के दौरान हमीद ने न्यूजीलैंड भेजे जा रहे एक और कूरियर पार्सल के बारे में जानकारी दी। इसके बाद 25 जुलाई को महाराष्ट्र के कल्याण जिले में उस पार्सल को भी रोक लिया गया। NCB के मुताबिक, इस पार्सल में भी इसी तरीके से 3.990 किलो एफेड्रिन बेडशीट और फोटो फ्रेम की परतों के बीच छिपाई गई थी। NCB ने बताया कि एफेड्रिन एक नियंत्रित पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल अन्य अवैध ड्रग्स बनाने में किया जा सकता है। एजेंसी अब एफेड्रिन के स्रोत का पता लगाने और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।