Breaking News

दतिया विधानसभा सीट उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6016 वोट से जीते     |   ‘प्रशांत किशोर को बांकीपुर उपचुनाव में जीत के लिए बधाई’, CM सम्राट का एक्स पोस्ट     |   अरुणाचल: भूस्खलन से NH-13 पर आवाजाही बाधित, CM पेमा खांडू ने केंद्र से मदद मांगी     |   PoK ब्रॉड पीक एवलांच: 3 और पर्वतारोहियों के शव बरामद, अब तक 8 की मौत, 2 अब भी लापता     |   मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव: BJP प्रत्याशी सतीश पटेल 30 हजार 630 वोट से जीते     |  

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने CWG 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और शानदार उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। लोकसभा में बोलते हुए ओम बिरला ने हाल ही में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश में खेलों को नई मजबूती दी है।

वहीं, राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी उच्च सदन में भारतीय दल को बधाई दी। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स और कॉमनवेल्थ पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की, जिसके बाद सदन के सदस्यों ने भी खिलाड़ियों के सम्मान में तालियां बजाईं। सीपी राधाकृष्णन ने कहा, "माननीय सदस्यों, यह सदन ग्लास्गो में हाल ही में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ गेम्स और कॉमनवेल्थ पैरा गेम्स में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई देता है।"

उन्होंने बताया कि भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। सभापति ने भारतीय पैरा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय पैरा एथलीटों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7 पदक जीते हैं।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, समर्पण और कड़ी मेहनत ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके भविष्य के खेल सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। 11 दिनों तक चले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का समापन होने के बाद स्कॉटलैंड ने औपचारिक रूप से कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा और बैटन भारत को सौंप दिया। वर्ष 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के शताब्दी संस्करण की मेजबानी भारत करेगा।

2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा ऐसा देश बन जाएगा, जो एक से ज्यादा बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। इससे पहले भारत ने 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित किए थे। क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भारत की ओर से आधिकारिक रूप से कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा और बैटन प्राप्त किया।

भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य समेत कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। हालांकि, भारत का यह प्रदर्शन 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में जीते गए 61 पदकों से कम रहा, लेकिन इस बार भारत ने कम खिलाड़ियों के साथ बेहतर पदक प्रदर्शन किया। ग्लास्गो गेम्स के लिए भारत के 122 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि चार साल पहले बर्मिंघम में 210 भारतीय खिलाड़ी शामिल हुए थे।

बर्मिंघम में भारत के 30 पदक उन खेलों से आए थे, जिन्हें ग्लास्गो गेम्स के कार्यक्रम से हटा दिया गया था। इसके बावजूद भारत ने पदक तालिका में चौथा स्थान बरकरार रखा। इस बार भारतीय दल के 38 खिलाड़ी पदक जीतकर लौटे। लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह भारत की ओर से एकमात्र ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्होंने दो पदक जीते। अब कॉमनवेल्थ गेम्स का अगला बड़ा पड़ाव अहमदाबाद है, जहां 2030 में इस बहु-खेल प्रतियोगिता के 100 साल पूरे होने के अवसर पर शताब्दी संस्करण का आयोजन किया जाएगा।