Dhurandhar: करण जौहर ने निर्देशक आदित्य धर को “बेहद शानदार फिल्म निर्माता” बताते हुए उनकी नई फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की प्रशंसा की। ये फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई और ये धर की 2025 में आई फिल्म ‘धुरंधर’ की अगली कड़ी है।
रणवीर सिंह अभिनीत ये फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों से एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है, करण जौहर ने ‘इंस्टाग्राम’ पर फिल्म का पोस्टर साझा किया और इसे देखने का अपना अनुभव विस्तार से बताया।
उन्होंने लिखा, “जसकीरत की दिल दहला देने वाली पृष्ठभूमि, मातृभूमि के लिए दिए गए उसके दर्दनाक बलिदान यहां तक कि खलनायक को भी मानवीय और बहुस्तरीय ढंग से गढ़ना, बेमिसाल, साउंडस्केप और पूरी सिनेमाई प्रस्तुति ये सब आदित्य धर की प्रतिभा और निर्देशन पर उनकी मजबूत पकड़ का प्रमाण हैं। वे वाकई एक अद्भुत और बेहतरीन फिल्मकार हैं उन्होंने न सिर्फ मुख्यधारा सिनेमा का स्तर ऊंचा किया है, बल्कि एक नया मानदंड भी स्थापित किया है ये नया डायरेक्टर है।’’
जौहर ने फिल्म में रणवीर सिंह के अभिनय की भी जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, “बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़के घुसेगा भी और हर रिकॉर्ड मारेगा भी। और और और… रणवीर सिंह तू क्या है यार?! ये तुम्हारे करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ काम है। तुम्हारा हर आंसू, हर खामोश नजर और हर बार वो बेखौफ अंदाज में चलना,तुमने साबित कर दिया कि तुम महान कलाकारों में से एक हो। तुम आज भी और हमेशा एक बेहतरीन काबिलियत वाले कलाकार रहोगे।”
करण जौहर ने कहा, “सच में एक ‘धुरंधर’ फिल्म स्टार। ये फिल्म देखकर मैं 70 के दशक के उन दिनों में लौट गया, जब सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में शुद्ध और दमदार हिंदी सिनेमा देखा करता था और संतुष्टि के साथ बाहर निकलकर इस दुनिया का हिस्सा बनने के सपने देखा करता था। आज मैं इसी फिल्मी बिरादरी का हिस्सा हूं और ‘धुरंधर’ ने मुझे एक बार फिर याद दिलाया कि यहां होना मेरे लिए कितना गर्व और कृतज्ञता का विषय है।’’
फिल्म में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी हैं, जो अपने-अपने किरदारों को फिर से जीवंत करते हैं। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है और इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।