Breaking News

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा समेत 8 लोगों पर FIR दर्ज     |   चंदा चोरी केस: SIT की सिफारिश के बाद राम जन्मभूमि ट्रस्ट की शिकायत पर FIR दर्ज     |   भारत के हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेशी राष्ट्रपति को परिचय पत्र सौंपा     |   उत्तर प्रदेश: संभल में राइस मिल में हादसा, टैंक में घुसे 2 मजदूरों की मौत     |   बिहार: PMCH के प्रिंसिपल डॉक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह पर गिरी गाज, पद से हटाए गए     |  

गुजरात में 1,354 छात्रों ने निजी स्कूल छोड़ नगर प्राथमिक विद्यालयों में लिया प्रवेश

डोदरा जिले के खोडियार नगर स्थित महारानी शांतादेवी प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को शाला प्रवेशोत्सव और कन्या केलवाणी महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने की, जबकि महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मनीषा वकील विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे अभिभावकों के विश्वास का सम्मान करते हुए बच्चों के जीवन को समर्पण और ईमानदारी से संवारें। उन्होंने कहा कि बच्चों को रटने की बजाय आनंददायक, गतिविधि-आधारित और तनावमुक्त शिक्षा मिलनी चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से शिक्षा के साथ-साथ खेल, विज्ञान, संगीत और कला को भी बढ़ावा देने का आह्वान किया, ताकि बच्चे जीवन की चुनौतियों और सफलताओं का आत्मविश्वास से सामना कर सकें और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने माता-पिता से बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली की आदतें विकसित करने की अपील भी की।

हर्ष संघवी ने बताया कि वर्तमान में वडोदरा नगर प्राथमिक शिक्षण समिति द्वारा संचालित हिंदी, अंग्रेजी और गुजराती माध्यम के विद्यालयों में 49,924 छात्र अध्ययन कर रहे हैं। इस वर्ष 7,544 बच्चों ने नए प्रवेश लिए हैं, जिनमें 1,354 छात्र ऐसे हैं जो निजी स्कूलों से सरकारी नगर प्राथमिक विद्यालयों में आए हैं। उन्होंने इसे शिक्षा समिति और वडोदरा जिला प्रशासन की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए चलाए गए घर-घर अभियान की भी सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी, बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले बच्चों का औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें उनके शैक्षणिक सफर के लिए प्रोत्साहित किया गया। शाला प्रवेशोत्सव के तहत 4,167 बच्चों ने बालवाटिका में प्रवेश लिया, जबकि कक्षा 1 से 8 तक कुल 7,544 छात्रों का नया नामांकन हुआ। दिव्यांग बच्चों के लिए भी विशेष नामांकन की व्यवस्था की गई।

इस दौरान मेधावी छात्रों, दिव्यांग पैरा-एथलीटों और दोबारा स्कूल से जुड़े विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया। वडोदरा नगर प्राथमिक शिक्षण समिति के प्रशासनिक अधिकारी विपुल भारतीय ने स्वागत भाषण में बताया कि वडोदरा शिक्षा समिति के ‘विजन 2030’ के तहत शहर की सभी उद्योग इकाइयों और CSR संगठनों को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों में हाई-टेक सुविधाओं के विकास के साथ-साथ शिक्षकों के लिए सेमिनार और छात्रों के लिए अनुभवात्मक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।