Breaking News

पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी, अभिषेक और कल्याण इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होंगे     |   पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी ने सायोनी घोष को यूथ TMC का अध्यक्ष नियुक्त किया     |   WB: ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष बनाने पर स्पीकर के फैसले के खिलाफ HC जाएगी TMC     |   CBSE पोर्टल पर साइबर अटैक मामले में शिकायत मिलने पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की     |   दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड: MCD ने फ्लोरिश इन गेस्ट हाउस को सील किया     |  

हैदराबाद में अवैध चॉकलेट फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में सामान जब्त

हैदराबाद पुलिस की एच-फास्ट (H-FAST) टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग और हबीबनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध चॉकलेट निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पुराना मल्लेपल्ली स्थित सीतारामबाग इलाके में संचालित इस चॉकलेट यूनिट पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान पाया गया कि यहां खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए चॉकलेट उत्पादों का निर्माण, पैकेजिंग और बिक्री की जा रही थी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई उत्पादों पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, एक्सपायरी डेट और बेस्ट बिफोर डेट जैसी अनिवार्य जानकारी नहीं दी गई थी। इसके अलावा, फैक्ट्री में एक्सपायर हो चुके फ्लेवर, एसेंस, रंग और अन्य खाद्य सामग्री के भंडारण तथा उपयोग की भी आशंका जताई गई है।जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों की पैकेजिंग पर पुराने और अमान्य एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा था। साथ ही, कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) का रिकॉर्ड नहीं रखा गया था और खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में चॉकलेट उत्पाद जब्त किए, जिनमें शामिल हैं:

  • 20 बॉक्स (200 किलोग्राम) कैरेमल चॉकलेट
  • 2 कार्टन (20 किलोग्राम) चोको बॉल्स
  • 3 कार्टन चॉकलेट स्टिक्स
  • 40 बॉक्स मार्शमैलो और जुजुबी
  • 32 पैकेट क्रैनबेरी चॉकलेट
  • 22 पैकेट पान चॉकलेट
  • 18 पैकेट काजू चॉकलेट

इसके अलावा, चार पैनिंग मशीन, दो चॉकलेट मेल्टिंग मशीन और बड़ी मात्रा में संदिग्ध एक्सपायर फ्लेवर, रंग और अन्य खाद्य योजक (फूड एडिटिव्स) भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी और जब्त सामग्री को हबीबनगर पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 275 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।