Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

ICSE-ISC 2027 परीक्षा का टाइमटेबल जारी, 15 फरवरी से शुरू होंगे 10वीं के एग्जाम; 9 फरवरी से 12वीं की परीक्षा

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने मंगलवार को ICSE (कक्षा 10वीं) और ISC (कक्षा 12वीं) की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी कर दिया है। इसके अनुसार, 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से और 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होंगी।

CISCE के कार्यक्रम के मुताबिक, ICSE की परीक्षाएं 31 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि ISC की परीक्षाएं 8 अप्रैल तक चलेंगी। दोनों परीक्षाओं में कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे।

इनमें करीब 2.70 लाख विद्यार्थी 3,106 संबद्ध स्कूलों से ICSE परीक्षा देंगे। वहीं, 1,651 स्कूलों के 1,10,025 विद्यार्थी ISC परीक्षा में शामिल होंगे। ICSE की परीक्षा भारत और विदेशों के 2,835 केंद्रों पर होगी, जबकि ISC के लिए 1,477 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

10वीं की परीक्षा का शेड्यूल

ICSE की पहली परीक्षा 15 फरवरी को सुबह 10:15 बजे अंग्रेजी भाषा (English Paper 1) की होगी। इसके बाद 18 फरवरी को अंग्रेजी साहित्य (English Paper 2) की परीक्षा होगी। गणित का पेपर 22 फरवरी और इतिहास एवं नागरिक शास्त्र का पेपर 26 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।

मार्च में विज्ञान विषयों की परीक्षाएं होंगी। फिजिक्स का पेपर 8 मार्च, केमिस्ट्री का 12 मार्च और बायोलॉजी का 15 मार्च को होगा। 10वीं की परीक्षाएं 31 मार्च को इकोनॉमिक्स और फ्रेंच/संस्कृत के पेपर के साथ समाप्त होंगी।

12वीं की परीक्षा का शेड्यूल

ISC की परीक्षाएं 9 फरवरी को दोपहर 2 बजे पर्यावरण विज्ञान और वेस्टर्न म्यूजिक (पेपर 1) सहित कुछ विषयों के पेपर से शुरू होंगी। 10 फरवरी को अंग्रेजी भाषा (English Paper 1) की परीक्षा होगी।

इसके बाद 18 फरवरी को इकोनॉमिक्स, 24 फरवरी को केमिस्ट्री, 26 फरवरी को अकाउंटेंसी और 1 मार्च को गणित का पेपर होगा। फिजिक्स की परीक्षा 8 मार्च, बिजनेस स्टडीज की 11 मार्च, जियोग्राफी की 12 मार्च, बायोलॉजी की 15 मार्च और इतिहास की परीक्षा 19 मार्च को आयोजित की जाएगी। 12वीं की अंतिम परीक्षा 8 अप्रैल को लीगल स्टडीज की होगी। इससे पहले 2 अप्रैल को पॉलिटिकल साइंस का पेपर आयोजित किया जाएगा।

10वीं की परीक्षा के समय में बदलाव

CISCE ने ICSE परीक्षा के समय में बदलाव किया है। अब विद्यार्थियों को सुबह 10 बजे से प्रश्नपत्र पढ़ने का समय मिलेगा और लिखित परीक्षा सुबह 10:15 बजे शुरू होगी। पहले प्रश्नपत्र पढ़ने का समय सुबह 10:45 बजे और परीक्षा शुरू होने का समय 11 बजे था। विद्यार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक अपने परीक्षा कक्ष में पहुंचकर बैठना होगा। विषय के अनुसार परीक्षा की अवधि दो से तीन घंटे तक होगी।

इस बार ICSE में 76 विषयों और ISC में 60 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वर्ष 2027 की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड दिसंबर 2026 के मध्य से वितरित किए जाएंगे। विद्यार्थी विषयवार पूरा टाइमटेबल CISCE की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

CISCE के मुख्य कार्यकारी और सचिव डॉ. जोसेफ इमैनुएल ने कहा कि परिषद पारदर्शी प्रक्रिया और मजबूत परीक्षा व्यवस्था के जरिए परीक्षाओं की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप मूल्यांकन प्रक्रिया को मजबूत किया जा रहा है। इसमें विषयों की समझ, ज्ञान के इस्तेमाल, आलोचनात्मक सोच और समस्या समाधान जैसे कौशलों पर जोर दिया जा रहा है।