पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिवस पर जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर परिसर, हाथोज धाम में भगवान श्री महाकालेश्वर महादेव का विशेष रुद्राभिषेक शुरू हुआ। श्रावण मास के पूरे महीने भगवान महादेव का प्रतिदिन 5100 लीटर पवित्र गंगाजल से रुद्राभिषेक किया जाएगा। इस दौरान हाथोज धाम में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे। श्री बालाजी जन कल्याण ट्रस्ट, हाथोज धाम के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत गुरुवार को श्रावण मास के पहले दिन वैदिक मंत्रोच्चार और गंगाजल से रुद्राभिषेक के साथ हुई। हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि भगवान श्री महाकालेश्वर महादेव के अभिषेक के लिए 5100 लीटर पवित्र गंगाजल ऋषिकेश से मंगवाकर हाथोज धाम में सुरक्षित रखा गया है।

श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालु इसी गंगाजल से भगवान महादेव का पूजन और रुद्राभिषेक कर सकेंगे। महाराज ने कहा कि सनातन धर्म में श्रावण मास को भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना गया है। इस पवित्र महीने में भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करने से भक्तों को सुख, समृद्धि, आरोग्य, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि हाथोज धाम गुरुकुल के वैदिक ब्रह्मचारी विद्यार्थी प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान से रुद्रपाठ और रुद्राभिषेक करेंगे। श्रावण मास के प्रथम दिवस से श्रावण पूर्णिमा तक भगवान महाकालेश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक, रुद्रपाठ और शाम के समय महाआरती का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा।

पूरे श्रावण मास में भगवान महाकालेश्वर महादेव का बिल्वपत्र, आक और धतूरे से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। वहीं, प्रत्येक सोमवार, प्रदोष और अमावस्या के अवसर पर भगवान महादेव की विशेष झांकी सजाई जाएगी और भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
श्रावण मास के प्रथम दिवस आयोजित रुद्राभिषेक में श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना की और राष्ट्र, प्रदेश तथा समस्त मानवता के कल्याण की कामना की। पूरे श्रावण मास तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर हाथोज धाम में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।