Breaking News

करनाल: सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग     |   भोपाल: निशातपुरा इलाके में लगी आग, चपेट में कमर्शल बिल्डिंग     |   CBSE ने 12वीं क्लास का रिजल्ट घोषित किया     |   प्रतीक की बॉडी पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम के बाद हार्ट को सुरक्षित रखा गया     |   सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- नंदीग्राम सीट छोड़ेंगे, भवानीपुर से रहेंगे विधायक     |  

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आज होगी योगी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक, कई अहम फैसलों की संभावना

उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपनी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक आज शाम 5 बजे लखनऊ में आयोजित होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब राज्य सरकार ने 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए 10 मई को मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। इस विस्तार के तहत पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और भाजपा नेता मनोज कुमार पांडेय सहित कई नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

इसके अलावा कृष्णा पासवान, सुरेंद्र डीलर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश सिंह राजपूत को भी मंत्री बनाया गया। वहीं अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज की कैबिनेट बैठक में विकास योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और आगामी चुनावी रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

उधर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्रिमंडल विस्तार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में केवल छह पद खाली थे, लेकिन अन्य दलों से आए नेताओं की संख्या इससे अधिक है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सभी नए शामिल नेताओं को मंत्री पद दिया जाएगा? अखिलेश यादव ने भाजपा के भीतर लंबे समय से मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं का भी मुद्दा उठाया और कहा कि नए चेहरों को जगह देने से पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो सकती है। भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की तैयारी कर रहा है।