Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

बद्रीनाथ मंदिर दान चोरी मामला, SIT ने जब्त किए CCTV रिकॉर्ड, डिलीट फुटेज की होगी फॉरेंसिक जांच

बद्रीनाथ मंदिर में दान चोरी मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने मंदिर परिसर से अहम डिजिटल सबूत अपने कब्जे में लिए हैं। SIT अधिकारी महादेव उनियाल ने बताया कि जांच के दौरान मंदिर के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (NVR) जब्त किया गया है। इसमें 22 जून और 25 जून की पूरी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।

महादेव उनियाल ने बताया कि दान की गिनती से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज डिलीट या हटाए गए प्रतीत होते हैं। इन फुटेज को वापस हासिल करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा जाएगा। SIT ने बताया कि जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान हुई है। उनकी भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है और मामले में और लोगों के शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

14 जुलाई को दान चोरी मामले की जांच के लिए बनाई गई समिति ने बद्रीनाथ धाम का दौरा किया। गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी ने बताया कि समिति ने दान पेटियों को मंदिर से गिनती कक्ष तक ले जाने की प्रक्रिया, गिनती कक्ष की व्यवस्था, सीसीटीवी सिस्टम, दान गिनने वाले कर्मचारियों और बैंक अधिकारियों के आने के समय की पूरी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समिति ने पहले से उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज भी देखे हैं और गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की है।

संदीप तिवारी ने बताया कि जांच अभी जारी है। शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जाएंगे और आम लोगों को भी अगर इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी है तो उसे साझा करने का मौका दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों और साइबर सेल की भी मदद ली जाएगी। इस बीच, SIT ने जांच के तहत बद्रीनाथ मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ और उनके निजी सहायक अतुल डिमरी से भी पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दान की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। साथ ही, जांच अधिकारी मंदिर के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर रिकॉर्ड और दान की दैनिक प्रक्रिया की भी बारीकी से जांच कर रहे हैं।