Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से मजबूत होंगे भारत-नेपाल के रिश्ते, सीएम योगी बोले- सदियों पुराना है 'रोटी-बेटी' का संबंध

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल के रिश्तों को सदियों पुराना और आस्था, संस्कृति व पारिवारिक संबंधों पर आधारित बताया। सोमवार को अयोध्या से जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला के शुभारंभ के मौके पर उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच 'रोटी-बेटी' का रिश्ता आज भी मजबूत है।

अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। दोनों नेताओं की मौजूदगी में अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई गई।

हजारों साल पुरानी है भारत-नेपाल की आत्मीयता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध प्राचीन काल से चला आ रहा है। यह रिश्ता साझा आस्था, नदियों, संस्कृति और परिवारों के जुड़ाव से बना है। दोनों देशों के बीच पारंपरिक रूप से 'रोटी-बेटी' का संबंध रहा है, जो आपसी प्रेम और आत्मीयता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर की धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराएं भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

विवाह पंचमी पर अयोध्या और जनकपुर में गूंजती हैं मंगल गीतों की परंपराएं

सीएम योगी ने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से जुड़े विवाह पंचमी पर्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में जब विवाह उत्सव मनाया जाता है, तो अयोध्या में भी पारंपरिक मंगल गीत गूंजते हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष विवाह पंचमी के दिन ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा की स्थापना की गई थी। यह अवसर दोनों स्थानों की साझा धार्मिक विरासत को दर्शाता है।

अयोध्या और मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा को मिला नया जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को अयोध्या और मिथिला के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को फिर से जोड़ने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा में सुविधा मिलेगी।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय रेलवे के माध्यम से दो महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों को जोड़ना सराहनीय पहल है। उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भी स्वागत किया।

नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या और भारतीय भक्त जनकपुर पहुंच सकेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवा शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं भारत के भक्त जनकपुर धाम पहुंचकर माता जानकी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई यह ट्रेन सेवा भारत-नेपाल के रेल संपर्क को मजबूत करेगी। साथ ही दोनों देशों के धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और ऐतिहासिक संबंधों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।