Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

अमित शाह का राहुल गांधी और केजरीवाल पर हमला, बोले- 2030 तक भी चुनाव नहीं जीत पाएगी कांग्रेस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर घुसपैठियों के वोट बचाने के लिए 'वोट चोरी' के आरोप लगाने का दावा किया। साथ ही कहा कि कांग्रेस अपनी नकारात्मक राजनीति के कारण वर्ष 2030 तक भी चुनाव नहीं जीत पाएगी। शाह ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि पंजाब की जनता AAP सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस को घेरा

दिल्ली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर कांग्रेस के सवालों को खारिज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने पर ही लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उसे चुनाव आयोग सही लगता है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में दशकों से सत्ता में नहीं आई है और यह स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले ही शुरू हो गई थी। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को नकारात्मक बताते हुए कहा कि कांग्रेस को आने वाले वर्षों में भी चुनावी सफलता नहीं मिलेगी।

केजरीवाल पर भी साधा निशाना

अमित शाह ने अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने विरोध और धरना-प्रदर्शन की राजनीति की, लेकिन दिल्ली में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर हटाने के लिए जरूरी काम नहीं किया। शाह ने दावा किया कि पंजाब की जनता आगामी चुनावों में AAP सरकार को करारा जवाब देगी और उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

कूड़े के ढेरों की जगह बनेंगे सुंदर सार्वजनिक पार्क

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को हटाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कम समय में इन जगहों को सुंदर सार्वजनिक पार्कों में बदल दिया जाएगा।

यमुना की सफाई के लिए ₹8,941 करोड़ की परियोजनाएं

अमित शाह ने दिल्ली के द्वारका में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की 8,941 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य यमुना नदी की सफाई, गंदे पानी के उपचार और दिल्ली की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में सरकार बनने के पहले महीने में ही यमुना की सफाई को लेकर बैठक की थी। इस दौरान दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने नदी को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य रखा गया था।

उन्होंने दावा किया कि इस दिशा में लक्ष्य की 40 प्रतिशत से अधिक दूरी तय की जा चुकी है। शाह ने कहा कि रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के प्रयासों से शुरू की गईं ये परियोजनाएं यमुना के पुनर्जीवन और दिल्ली की जल व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।