दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 229 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का AQI 228 था। यानी एक दिन में प्रदूषण के स्तर में मामूली बढ़ोतरी हुई है।
उत्तम नगर में सबसे ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तम नगर में सबसे अधिक AQI 339 रहा। इसके बाद मुंडका में 336 और द्वारका सेक्टर-8 में 307 दर्ज किया गया।
वहीं, CRRI मथुरा रोड का AQI 297, जहांगीरपुरी का 294, पंजाबी बाग का 286 और विवेक विहार का 277 रहा। इन इलाकों में प्रदूषण का स्तर लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
इसके विपरीत, लोदी रोड में सबसे कम AQI 129 दर्ज किया गया। घोघा में यह 132 और IMD लोदी रोड पर 148 रहा। इन तीनों स्थानों पर वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही।
नोएडा और गुरुग्राम में भी हवा खराब
दिल्ली के साथ आसपास के शहरों में भी प्रदूषण का असर देखने को मिला। CPCB के सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार, नोएडा में AQI 235, मानेसर में 228, गुरुग्राम में 227 और ग्रेटर नोएडा में 209 दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही।
वहीं, गाजियाबाद में AQI 171 और फरीदाबाद में 131 दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों में हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही। दूसरी ओर, महाराष्ट्र के मुंबई में भी कुछ इलाकों में धुंध और स्मॉग छाया रहा। बांद्रा रिक्लेमेशन से सामने आई तस्वीरों में आसमान पर धुंध की परत दिखाई दी।
राजस्थान के भिवाड़ी में देश का सबसे ज्यादा AQI
देश के अलग-अलग शहरों में भी वायु गुणवत्ता के स्तर में अंतर देखने को मिला। CPCB के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 264 शहरों में से राजस्थान के भिवाड़ी में सबसे अधिक AQI 296 दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के पीथमपुर में 291 और हरियाणा के पंचगांव में 275 रहा। हरियाणा के कैथल और बल्लभगढ़ में AQI क्रमशः 265 और 263 दर्ज किया गया।
मिजोरम के आइजोल में सबसे साफ हवा
प्रदूषण के बीच मिजोरम के आइजोल में सबसे बेहतर वायु गुणवत्ता दर्ज की गई। यहां AQI 21 रहा, जो 'अच्छी' श्रेणी में आता है। ओडिशा के सुआकाटी में AQI 23 और नयागढ़ में 24 दर्ज किया गया। वहीं, छत्तीसगढ़ के रायपुर और ओडिशा के बारीपदा में AQI 25 रहा।
दिल्ली और आसपास के शहरों में प्रदूषण का बढ़ता स्तर लोगों के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में लोगों को वायु गुणवत्ता पर नजर रखने और प्रदूषण अधिक होने पर बाहर की गतिविधियों में सावधानी बरतने की जरूरत है।