उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 1000 रुपये बढ़ाने की घोषणा की है। इसके बाद अब उन्हें 2500 रुपये के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इस फैसले से प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों को लाभ होगा। इसके साथ ही सरकार ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की दिशा में भी कदम उठा रही है।
मंगलवार को बरेली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सजगता और समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी घटना को रोकने में मदद कर सकती है। मानदेय में बढ़ोतरी से प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये की अतिरिक्त आय होगी।
2017 में 1500 रुपये था मानदेय
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को 1500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 2500 रुपये किया गया और अब इसमें एक हजार रुपये की और बढ़ोतरी की गई है। सरकार का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों को बेहतर सुविधाएं और सम्मान मिलना चाहिए।
ग्राम प्रहरी की भूमिका गांव में सीसीटीवी जैसी
सीएम योगी ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को गांव में सीसीटीवी कैमरे के समान महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी विश्वसनीय सूचना को समय पर पुलिस तक पहुंचाएं। उन्हें खुद किसी से उलझने या कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। पुलिस सूचना की जांच कर आवश्यक कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि थानाध्यक्ष या क्षेत्र के दरोगा हर सप्ताह कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करें। इन बैठकों में गांव की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं पर चर्चा की जाए। उन्होंने खाली पदों पर नियुक्ति करने और पुलिस व ग्राम प्रहरियों के बीच नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
अफवाहों और वन्यजीवों से जुड़े खतरों पर रहें सतर्क
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से अफवाहों, वन्यजीवों के संभावित खतरे और भू-माफिया की गतिविधियों पर भी नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर सूचना मिलने से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बहराइच जैसे जिलों में वन्यजीवों से जुड़ी घटनाओं के प्रति सतर्कता जरूरी है।
सीएम योगी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात दोहराते हुए कहा कि लूट, चेन स्नेचिंग या बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ग्राम प्रहरियों और परिवारों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठा रही है। इसके तहत ग्राम प्रहरी या उनके परिवार के किसी सदस्य के बीमार होने पर निर्धारित स्वास्थ्य कवर के जरिए इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
11 ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को साफा पहनाकर और गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
‘अब उपद्रव नहीं, उत्सव मनाता है उत्तर प्रदेश’
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अब लोग सुरक्षित माहौल में पर्व और त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने शारदीय नवरात्रि के दौरान मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षा व्यवस्था का उदाहरण बताया। सीएम योगी के अनुसार, बेहतर कानून-व्यवस्था से प्रदेश की छवि बदली है और व्यापार, निवेश तथा रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिला है।