भारत की तेजी से बढ़ती एयरलाइन अकासा एयर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के बेड़े में अब 40वां विमान शामिल हो गया है। बोइंग 737 MAX 8-200 विमान, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-YBQ है, 3 जुलाई 2026 को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। अकासा एयर ने अगस्त 2022 में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। महज चार साल में कंपनी ने भारतीय विमानन क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना ली है।
यह साल 2026 में अकासा एयर के बेड़े में शामिल होने वाला नौवां विमान है। कंपनी का कहना है कि इतनी तेजी से बेड़े का विस्तार वैश्विक विमानन उद्योग में भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह विमान अमेरिका के सिएटल से उड़ान भरकर आइसलैंड के रेकजाविक और मिस्र के काहिरा होते हुए बेंगलुरु पहुंचा।
नया विमान अकासा एयर की जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया है। इसमें Safran Z200 की आधुनिक सीटें लगाई गई हैं, जिनमें बेहतर कुशन, आरामदायक बैक सपोर्ट और USB-A व USB-C चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। अकासा एयर ने बोइंग के 226 विमान खरीदने का ऑर्डर दिया है। इनमें से अभी 186 विमान अगले छह वर्षों में कंपनी को मिलेंगे। कंपनी का कहना है कि वह लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है और आने वाले वर्षों में दुनिया की शीर्ष 30 एयरलाइंस में शामिल होने का लक्ष्य रखती है।