Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

द ग्रेट खली के एक्सीडेंट का वीडियो वायरल, पहलवान ने बताया- मैं बिल्कुल ठीक हूं

पूर्व प्रोफेशनल रेसलर द ग्रेट खली के एक्सीडेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ घंटे बाद उन्होंने खुद वीडियो शेयर कर फैंस को अपनी हालत के बारे में जानकारी दी। खली ने बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। द ग्रेट खली का असली नाम दलीप सिंह है। शनिवार को हरियाणा के पानीपत में एक टोल प्लाजा के पास उनकी SUV की एक कार से टक्कर हो गई थी।

एक्सीडेंट के बाद मौके के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें एक सफेद कार क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही थी। खली भी हादसे के बाद दूसरी गाड़ी की तरफ जाते हुए नजर आए। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी स्थिति साफ की। खली ने कहा कि यह छोटा-मोटा हादसा था और वह इसे बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहते थे। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें अपने फैंस को जानकारी देनी पड़ी।

खली ने कहा, “कल मेरी गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ था। इसके बाद से मुझे बहुत सारे फोन और मैसेज आ रहे हैं और लोग मेरी तबीयत के बारे में पूछ रहे हैं। लेकिन सब ठीक है और मैं बिल्कुल ठीक हूं। आपका और भगवान का आशीर्वाद मेरे साथ है। यह एक मामूली एक्सीडेंट था, इसलिए मैं किसी को इसके बारे में बताना नहीं चाहता था। मैं इसे बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहता था, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। इसलिए मैंने सोचा कि मैं खुद बता दूं। मैं बिल्कुल ठीक हूं। अपना ख्याल रखें। जय हिंद।”

द ग्रेट खली भारत के सबसे मशहूर रेसलर्स में से एक हैं। उन्होंने साल 2000 में अमेरिका में प्रोफेशनल रेसलिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने WCW और NJPW जैसी बड़ी रेसलिंग कंपनियों में भी काम किया। साल 2006 में खली ने WWE ज्वाइन किया। यहां उन्होंने अंडरटेकर, जॉन सीना, बतिस्ता और ट्रिपल एच जैसे बड़े रेसलर्स के साथ मुकाबले किए। वह WrestleMania और SummerSlam जैसे बड़े WWE इवेंट्स में भी नजर आए।

रेसलिंग के अलावा द ग्रेट खली फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने 2005 में ‘द लॉन्गेस्ट यार्ड’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘Get Smart’, ‘MacGruber’, ‘Kushti’ और ‘Ramaa: The Saviour’ जैसी फिल्मों में नजर आए। इसके अलावा खली ‘बिग बॉस 4’ में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आ चुके हैं।