सनी देओल और रणदीप हुड्डा की फिल्म 'जाट' को रिलीज हुए एक हफ्ता हो गया है। ये फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में आई थी। शुरुआत में लोगों ने इसे काफी पसंद किया और अच्छी संख्या में देखने पहुंचे। लेकिन कुछ दिनों बाद फिल्म की कमाई में गिरावट आने लगी। हालांकि, वीकेंड (शनिवार-रविवार) के दौरान फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया और किसी तरह 50 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया। लेकिन वीकेंड के बाद फिर से फिल्म की कमाई धीमी हो गई और अब इसे अच्छी कमाई के लिए मेहनत करनी पड़ रही है।
फिल्म हर दिन धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 9.5 करोड़ रुपये कमाए थे। पहले रविवार को ये कमाई बढ़कर 14 करोड़ रुपये हो गई, जो अब तक का सबसे ज्यादा कलेक्शन रहा है। छठे दिन, यानी बीते दिन, फिल्म ने 6 करोड़ रुपये की कमाई की। अब तक के सभी दिनों को मिलाकर फिल्म ने कुल 56.44 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है। पहले वीकेंड पर फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
सातवें दिन बस इतनी ही कमाई हुई
सप्ताह के बाकी दिनों में फिल्म की कमाई थोड़ी कम हो गई, लेकिन पूरी तरह रुकी नहीं। आज यानी सातवें दिन, शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसके साथ ही अब तक फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 57.50 करोड़ रुपये हो गया है। इस फिल्म को बनाने में करीब 100 करोड़ रुपये लगे हैं। ऐसे में अपना खर्च निकालने के लिए फिल्म को अभी कम से कम 42.5 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। फिलहाल, फिल्म बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है।
केसरी 2 से पड़ सकता है असर
फिल्म 'जाट' की आगे की कमाई पर अब एक और बड़ा खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, 18 अप्रैल यानी शुक्रवार को अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म केसरी चैप्टर 2 रिलीज हो रही है। इस फिल्म को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि केसरी 2 की रिलीज का सीधा असर 'जाट' की कमाई पर पड़ सकता है। अगर इस हफ्ते 'जाट' को ज्यादा दर्शक नहीं मिले, तो इसके कलेक्शन में रुकावट आ सकती है। यही बात अब मेकर्स के लिए चिंता की वजह बन गई है।
फिल्म की स्टारकास्ट और निर्देशन
अब बात करते हैं फिल्म की स्टारकास्ट और डायरेक्शन की। 'जाट' के निर्देशन गोपीचंद मलिनेनी ने किया है, जो इससे पहले भी कई हिट और सुपरहिट फिल्में बना चुके हैं। इस फिल्म में सनी देओल और रणदीप हुड्डा के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। इनके अलावा, विनीत कुमार सिंह, सैयामी खेर और रेजिना कैसेंड्रा जैसे कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। एक्शन और इमोशन से भरपूर इस फिल्म को अब तक दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।