अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने अपनी हालिया फिल्म 'मा इंटी बंगारम' के धन्यवाद समारोह (थैंक यू मीट) के दौरान चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कथित तौर पर अपनी गर्भावस्था की पुष्टि की है। हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि वह कुछ समय के लिए काम से ब्रेक लेंगी और मातृत्व अवकाश (मैटरनिटी लीव) पर जाएंगी। सामंथा और फिल्म निर्माता राज निदिमोरु अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं। सामंथा ने कहा, "सॉरी दोस्तों, एक और छोटा-सा ब्रेक होगा और फिर मैं वापस आऊंगी। मुझे पता है कि अब मुझे मैटरनिटी लीव लेनी है, लेकिन मैं बहुत खुश हूं।"
सामंथा और राज निदिमोरु ने वर्ष 2025 में शादी की थी। यह दोनों की दूसरी शादी है। सामंथा इससे पहले अभिनेता नागा चैतन्य के साथ 2017 से 2021 तक वैवाहिक संबंध में थीं, जबकि राज निदिमोरु की पहली शादी श्यामली डे से हुई थी। इस बीच, सामंथा की नई फिल्म 'मा इंटी बंगारम' भी चर्चा में है। फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पारंपरिक परिवार में नई बहू बनकर आती है। परिवार उसे शांत और आज्ञाकारी समझता है, लेकिन उसका अतीत कहानी को नया मोड़ देती हैं। उसका अतीत फिर सामने आने लगता है, तो उसे उन लोगों की रक्षा करनी पड़ती है जो उस पर पूरी तरह भरोसा भी नहीं करते।
फिल्म के बारे में बात करते हुए सामंथा ने पहले कहा था कि "मा इंटी बंगारम एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसकी ताकत उसकी संवेदनशीलता और साहस दोनों से आती है। इस किरदार को निभाना और निर्माता के रूप में इस फिल्म को आगे बढ़ाना मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा है।" फिल्म का निर्माण राज निदिमोरु, सामंथा रुथ प्रभु और हिमांक दुव्वुरु ने किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी चर्चित फिल्मकार नंदिनी रेड्डी ने संभाली है।