बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी के पीछे वास्तव में किसका हाथ है।
पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि सैफ अली खान के मोबाइल फोन पर एक वॉयस मैसेज आया था। इसमें कथित तौर पर कहा गया कि अभिनेता का भी वही अंजाम होगा, जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था।
अधिकारी के अनुसार, जांच एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि यह संदेश वास्तव में जीशान अख्तर ने भेजा है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसकी पहचान का इस्तेमाल कर धमकी दी है। पुलिस को आशंका है कि कोई शख्स इसी तरह की रणनीति अपनाकर फिल्मी हस्तियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को परेशान करने की कोशिश कर रहा हो सकता है।
पहले भी फिल्मी सितारों को मिल चुकी हैं धमकियां
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी पहले इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे ही एक मामले में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय आईआईटी स्नातक वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। उस पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से धमकी भरे संदेश भेजने का आरोप था। हालांकि, जांच में उसका किसी भी आपराधिक गिरोह से जुड़ाव सामने नहीं आया था।
अक्टूबर 2024 में हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तीन हमलावरों ने उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर उन पर गोलियां चलाई थीं। इस हत्याकांड के बाद से ही पुलिस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश और जांच कर रही है।