Breaking News

‘मिडिल ईस्ट संघर्ष के परिणामों का अनुमान लगाना कठिन’, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा     |   यूरोपीय संघ में गैस सप्लाई की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं: EU आयोग प्रवक्ता     |   ईरान में युद्ध के चलते रूस की तेल से रोजाना $760 मिलियन की कमाई हो रही: क्रेमलिन     |   ‘ईरान के लिए बात करने वाले गंभीर रहें’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा     |   ‘US को NATO की मदद की जरूरत नहीं’, ईरान जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा     |  

पीएम मोदी ने की फिल्म ‘छावा’ की तारीफ, विक्की कौशल ने जताया आभार, कहा- ‘शब्दों से परे सम्मान’

अभिनेता विक्की कौशल ने कहा है कि इतिहास पर आधारित उनकी ‘एक्शन ड्रामा’ फिल्म ‘छावा’ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई तारीफ से वे बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। पीएम मोदी ने शुक्रवार को 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन (एबीएमएसएस) के उद्घाटन समारोह में कहा था कि मुंबई समेत महाराष्ट्र ने मराठी फिल्मों और हिंदी सिनेमा को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। पीएम मोदी ने इस दौरान फिल्म के बारे में कहा, ‘‘और इन दिनों तो ‘छावा’ की धूम मची हुई है।’’ 

फिल्म ने पिछले हफ्ते सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से विश्व स्तर पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। ‘छावा’ में कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका में हैं जो मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र थे। विक्की कौशल ने पीएम मोदी के वीडियो के साथ सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘इस सम्मान को शब्दों में बयान नहीं कर सकता। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभारी हूं।’’ 

फिल्म में येसुबाई का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री रश्मिका मंधाना ने भी ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘बहुत-बहुत धन्यवाद नरेंद्र मोदी जी, ये वास्तव में बड़ा सम्मान है।’’ ‘छावा’ का निर्माण फिल्म निर्माता दिनेश विजान की ‘मैडॉक फिल्म्स’ ने किया है और बैनर ने भी अपने आधिकारिक ‘इंस्टाग्राम हैंडल’ पर पीएम मोदी की क्लिप शेयर की है। 

स्टूडियो की तरफ से कहा गया है कि, ‘‘एक ऐतिहासिक सम्मान! माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘छावा’ की सराहना की और छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान और विरासत का सम्मान किया। ये बहुत गर्व की बात की है। 

साथ ही कहा, ‘‘हम अपार कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। फिल्म की पूरी टीम  ये विशेष उल्लेख किए जाने से अभिभूत है।’’ ‘छावा’ को गोवा और मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री घोषित किया गया है। इसमें अक्षय खन्ना, डायना पेंटी, विनीत कुमार सिंह और आशुतोष राणा ने भी अहम किरदार निभाए हैं।