Breaking News

आंखों में डाला मिर्च पाउडर, लाठी-डंडों से की पिटाई... दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला     |   IMD ने जारी किया दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट     |   जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 23 घायल     |   सुबह-सुबह दिल्ली-NCR में जोरदार बारिश, जम्मू-कश्मीर में भी बरसे बादल     |   मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल     |  

गोविंदा ने फर्जी खबरों पर दी चेतावनी, बोले- 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने का दावा कर सकता हूं

अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा ने अपनी निजी और पारिवारिक जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही झूठी और अपुष्ट खबरों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट मैरिज की अफवाहों के बीच गोविंदा की ओर से कानूनी नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है कि गलत, मानहानिकारक या भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने की मांग की जा सकती है।

गोविंदा की टीम की ओर से जारी नोटिस में लोगों, मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी दी गई है कि वे अभिनेता की निजी या पारिवारिक जिंदगी से जुड़ी किसी भी झूठी, मनगढ़ंत, दुर्भावनापूर्ण, मानहानिकारक या अपुष्ट जानकारी को बनाने, प्रकाशित करने, अपलोड करने, प्रसारित करने या शेयर करने से बचें।

नोटिस में खास तौर पर फोटो, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग, मॉर्फ्ड तस्वीरों, डीपफेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाए गए कंटेंट के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई है। इसमें कहा गया है कि गोविंदा ने अपनी आवाज, तस्वीर, पहचान, व्यक्तित्व या निजी और पारिवारिक जीवन से जुड़ी सामग्री को AI या किसी अन्य डिजिटल तकनीक के जरिए बनाने, बदलने या इस्तेमाल करने की कोई अनुमति नहीं दी है।

गोविंदा की टीम के मुताबिक, अभिनेता झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ मानहानि, निजता के उल्लंघन, पहचान के गलत इस्तेमाल और साइबर अपराध से जुड़े कानूनों के तहत दीवानी और आपराधिक कार्रवाई कर सकते हैं। नोटिस में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत कानूनी कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है।

नोटिस के मुताबिक, दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ अदालत से बैंक खातों पर कार्रवाई, संपत्ति की खरीद-बिक्री पर रोक, पासपोर्ट जब्त करने समेत अन्य कानूनी कदम उठाने की मांग भी की जा सकती है। गलत या भ्रामक सामग्री को जानबूझकर फैलाने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।

इससे पहले गोविंदा के कथित तलाक को लेकर भी कई खबरें सामने आई थीं, जिन्हें बाद में गलत बताया गया। गोविंदा ने आशंका जताई है कि उनकी छवि खराब करने के लिए उनके बारे में अफवाहें जानबूझकर एक योजनाबद्ध तरीके से फैलाई जा सकती हैं। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से उन्हें मानसिक और सामाजिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

यह कानूनी चेतावनी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा से जुड़े हालिया घटनाक्रम के बीच सामने आई है। 19 अगस्त को गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने पुष्टि की थी कि सुनीता आहूजा ने मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की याचिका वापस ले ली है। उनके मुताबिक, यह मामला करीब दो साल से लंबित था।

शशि सिन्हा ने कहा, "यह दो साल से चल रहा था, लेकिन अब आखिरकार खत्म हो गया है। आज सुनीता जी ने बांद्रा फैमिली कोर्ट में याचिका वापस लेने के लिए आवेदन दिया।" सुनीता आहूजा को उनके बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया था। जब पैपराजी ने उनसे वहां आने की वजह पूछी तो उन्होंने कहा था, "बर्थडे मनाने आए हैं।"

इससे पहले गोविंदा ने एक वीडियो शेयर कर सुनीता से ऐसे बयान देने से बचने की अपील की थी, जिनसे उनकी प्रतिष्ठा, करियर और फिल्म इंडस्ट्री में वर्षों से बनाई गई छवि प्रभावित हो सकती है। वर्कफ्रंट की बात करें तो गोविंदा जल्द ही 'रूपा' फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ डेब्यू कर रहीं अभिनेत्री रानी स्वर्णकार दिखाई देंगी।

वहीं, गोविंदा और सुनीता आहूजा के बेटे यशवर्धन आहूजा भी 'हीरो की हॉरराइन' से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सुनीता आहूजा, नितांशी गोयल, जैमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी नजर आएंगे।

सुनीता आहूजा ने बताया है कि वह फिल्म में यशवर्धन की मां का किरदार निभाएंगी। उन्होंने कहा कि संभवत: यह इंडस्ट्री में पहली बार होगा जब मां और बेटा एक साथ लॉन्च हो रहे हैं। 'हीरो की हॉरराइन' का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं। फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अमर बुटाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारी का अभी इंतजार है।