सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' आज रिलीज हो गई है। फिल्म की रिलीज के साथ ही देशभर में, खासकर दक्षिण भारत में, प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कहीं सिनेमाघरों के बाहर आतिशबाजी की जा रही है, तो कहीं सुबह-सुबह पहले शो के लिए लंबी कतारें लगी हैं। कई जगहों पर प्रशंसक फिल्म की सफलता के लिए पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं। रजनीकांत को उनके प्रशंसक प्यार से 'थलाइवर' कहते हैं। उनकी फिल्मों की रिलीज अक्सर किसी त्योहार से कम नहीं होती। 'जेलर 2' के पहले दिन भी ऐसा ही माहौल देखने को मिल रहा है।
फिल्म की सफलता के लिए प्रशंसकों ने की पूजा
मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम स्थित श्री वेलिल उगांथा अम्मन मंदिर में कुछ प्रशंसकों ने फिल्म की सफलता के लिए अंगप्रदक्षिणम किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जमीन पर लोटते हुए परिक्रमा करते हैं। फिल्म की रिलीज से पहले चेन्नई में भी खास आयोजन हुआ। रजनीकांत की बेटी और निर्देशक सौंदर्या रजनीकांत ने फिल्म के प्रचार के लिए एक एलईडी बैनर का अनावरण किया। चेन्नई के काशी थिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में सौंदर्या विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रशंसकों के साथ 'जेलर' के पहले भाग के एक गाने पर डांस भी किया।
नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है निर्देशन
'जेलर 2' का निर्माण सन पिक्चर्स ने किया है, जबकि इसका निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। फिल्म का पहला भाग सफल रहा था, जिसके बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनके किरदार को शुरुआत में शांत जीवन जीते हुए दिखाया गया है, लेकिन अतीत से जुड़ी घटनाएं उन्हें फिर हिंसा की दुनिया में खींच लाती हैं।
विद्या बालन समेत कई सितारे आएंगे नजर
फिल्म में रजनीकांत के साथ विद्या बालन अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, जैकी श्रॉफ और मोहनलाल भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। बड़े सितारों की मौजूदगी और पहले भाग की सफलता के कारण 'जेलर 2' को लेकर प्रशंसकों में रिलीज से पहले ही काफी उत्साह था। अब फिल्म के सिनेमाघरों में पहुंचने के साथ ही प्रशंसक अपने पसंदीदा सुपरस्टार का जश्न मना रहे हैं।