उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 सितंबर को ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखेंगे। यह फिल्म प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करोली बाबा) के जीवन, उनकी हनुमान भक्ति और आध्यात्मिक विचारों पर आधारित है। फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंगों को दिखाया गया है। ‘हनुमान अंश’ कम बजट में बनने के बावजूद दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 47 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने का दावा किया गया है।
फिल्म को बाबा नीम करोली के भक्तों और आध्यात्मिक विषयों में रुचि रखने वाले दर्शकों से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में दिए गए आध्यात्मिक और सामाजिक संदेश को देखते हुए इसे उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री करने की मांग भी उठी है। फिल्म से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसे टैक्स फ्री करने का अनुरोध किया है।
फिल्म के लेखक और निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी हैं। इसमें शोभिनव सत्या ने बाबा नीम करोली का मुख्य किरदार निभाया है। उनके साथ चंदन आनंद भी अहम भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म में बाबा नीम करोली के जीवन, उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व और भगवान हनुमान के प्रति उनकी गहरी भक्ति को कहानी के जरिए पर्दे पर दिखाया गया है। अब 6 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फिल्म देखने के कार्यक्रम को लेकर भी लोगों की नजरें टिकी हैं।