Breaking News

‘मिडिल ईस्ट संघर्ष के परिणामों का अनुमान लगाना कठिन’, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा     |   यूरोपीय संघ में गैस सप्लाई की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं: EU आयोग प्रवक्ता     |   ईरान में युद्ध के चलते रूस की तेल से रोजाना $760 मिलियन की कमाई हो रही: क्रेमलिन     |   ‘ईरान के लिए बात करने वाले गंभीर रहें’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा     |   ‘US को NATO की मदद की जरूरत नहीं’, ईरान जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा     |  

अभिनेत्री विद्या बालन ने AI से बनाए गए अपने फर्जी वीडियो को लेकर प्रशंसकों को आगाह किया

अभिनेत्री विद्या बालन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनाए गए उनके फर्जी वीडियो को लेकर अपने प्रशंसकों को आगाह करते हुए कहा है कि इन वीडियो को बनाने या उन्हें प्रसारित करने में उनकी कोई भूमिका नहीं है।

'कहानी', 'द डर्टी पिक्चर', 'तुम्हारी सुलु' और 'शेरनी' जैसी फिल्मों का हिस्सा रहीं विद्या (46) ने शनिवार को अपने ऐसे ही एक फर्जी वीडियो की क्लिप अपने ‘इंस्टाग्राम’ पेज पर साझा की और लिखा, “सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर कई वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें मैं दिख रही हूं। हालांकि, मैं ये साफ करना चाहती हूं कि ये वीडियो एआई द्वारा बनाए गए हैं और अप्रमाणिक हैं। इनके निर्माण या प्रसार में मेरी कोई भूमिका नहीं है, न ही मैं इनकी सामग्री का किसी भी तरह से समर्थन करती हूं।”

विद्या बालन ने कहा, “इन वीडियो में किए गए किसी भी दावे को मेरा नहीं माना जाए, क्योंकि ये मेरे विचारों या काम को नहीं दर्शाते। मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि जानकारी साझा करने से पहले उसे वेरीफाई करें और एआई की मदद से बनाई गई भ्रामक सामग्री से सावधान रहें।’’

ये पहली बार नहीं है कि एआई से बनाई गई कलाकारों से जुड़ी सामग्री ऑनलाइन सामने आई है। इससे पहले रश्मिका मंदाना, कैटरीना कैफ, आमिर खान और रणवीर सिंह जैसी फिल्मी हस्तियों से जुड़ी फर्जी सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।