Breaking News

‘मिडिल ईस्ट संघर्ष के परिणामों का अनुमान लगाना कठिन’, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा     |   यूरोपीय संघ में गैस सप्लाई की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं: EU आयोग प्रवक्ता     |   ईरान में युद्ध के चलते रूस की तेल से रोजाना $760 मिलियन की कमाई हो रही: क्रेमलिन     |   ‘ईरान के लिए बात करने वाले गंभीर रहें’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा     |   ‘US को NATO की मदद की जरूरत नहीं’, ईरान जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा     |  

अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला, लीलावती अस्पताल में हो रही सर्जरी

अभिनेता सैफ अली खान के घर बुधवार देर रात घुसकर एक हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए। पुलिस के अधिकारियों ने ये जानकारी दी।  अधिकारियों ने बताया कि 54 साल के सैफ अली खान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये घटना उनके बांद्रा के घर पर रात करीब ढाई बजे घटी।

सैफ अली खान को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सैफ की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर की टीम ने बयान में कहा, ‘‘सैफ अली खान और पत्नी करीना कपूर खान के घर में बुधवार रात चोरी की कोशिश की गई। सैफ के हाथ में चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए वे अस्पताल में हैं। परिवार के बाकी सदस्य ठीक हैं।’’

बयान में कहा गया, ‘‘हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वे धैर्य रखें और आगे कोई अटकल न लगाएं। पुलिस पहले से ही अपनी जांच कर रही है।आप सभी की चिंता के लिए धन्यवाद।’’ सैफ अली खान के जनसंपर्क प्रतिनिधि ने भी बयान में कहा कि उनके घर पर ‘चोरी की कोशिश’ की गई थी।

प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘वे फिलहाल अस्पताल में हैं और उनकी सर्जरी की जा रही है। हम मीडिया और प्रशंसकों से धैर्य रखने का अनुरोध करते हैं। ये पुलिस का मामला है और हम आपको अपडेट कराते रहेंगे।’’ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरूआती जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति सैफ अली खान के घर में घुस आया और दोनों के बीच हाथापाई हुई। घटना के समय अभिनेता के कुछ परिजन घर में मौजूद थे।

अधिकारी ने बताया कि चाकू से किए गए हमले में सैफ अली खान घायल हो गए। उन्हें घायल अवस्था में बांद्रा के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। ये पूछे जाने पर कि क्या अभिनेता के घर में हमलावर ने लूटपाट की कोशिश की थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने विस्तृत जानकारी नहीं दी और कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सैफ अली खान ने ‘ओमकारा’, ‘दिल चाहता है’, ‘कल हो ना हो’ और ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से लोकप्रियता हासिल की है।