Breaking News

किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद हरियाणा पुलिस ने खनौरी बॉर्डर पर बढ़ाई सख्ती     |   फंदे से लटका मिला ममता बनर्जी के करीबी और बंगाल असेंबली के पूर्व डिप्टी स्पीकर का शव     |   कर्नाटक लोक भवन आज से 18 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा     |   सबरीमाला मंदिर आज शाम चिंगम महीने की पूजा के लिए खुलेगा, कल से श्रद्धालुओं को दर्शन     |   राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आज से 14 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुलेगा     |  

भगदड़ मामले में अदालत के सामने पेश हुए अल्लू अर्जुन, नियमित जमानत की याचिका दायर की

Hyderabad: “पुष्पा-2” के प्रीमियर के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत के मामले में दर्ज प्राथमिकी में आरोपी अभिनेता अल्लू अर्जुन वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से शुक्रवार को यहां एक स्थानीय अदालत में पेश हुए। मामले में आरोपी नंबर 11 के तौर पर नामजद अल्लू अर्जुन ने अदालत में नियमित जमानत के लिए याचिका भी दायर की जिसपर 30 दिसंबर को सुनवाई हो सकती है। 

घटना के संबंध में 13 दिसंबर को गिरफ्तार किए गए अभिनेता नामपल्ली की अदालत के समक्ष पेश हुए थे, जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अभिनेता की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को समाप्त हो गई। आगे की कार्यवाही के तहत उन्हें अदालत के समक्ष पेश होना था और वो वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश हुए। 

अल्लू अर्जुन को जेल भेजे जाने के तुरंत बाद, तेलंगाना उच्च न्यायालय ने उन्हें चार सप्ताह (13 दिसंबर से) के लिए अंतरिम जमानत दे दी थी और उन्हें 14 दिसंबर को जेल से रिहा कर दिया गया था। 

चार दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में अल्लू अर्जुन की फिल्म “पुष्पा 2” के प्रीमियर के दौरान अभिनेता की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की होड़ के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी, जिसकी वजह से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया। 

घटना के बाद शहर की पुलिस ने मृतक महिला के परिवार से मिली शिकायत के आधार पर चिक्कडप्ली थाने में भारतीय न्याय सहिंता की विभिन्न धाराओं के तहत अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और सिनेमाघर के प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया था।