राजधानी दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने और यमुना नदी को लोगों से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार, 10 नवंबर को पहली बार मनोरंजक रिवर क्रूज सेवा शुरू होने जा रही है। सोनिया विहार में 'नमो यमुना रिवर सफारी' का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत पर्यटक यमुना नदी में इलेक्ट्रिक क्रूज के जरिए 6 किलोमीटर का राउंड ट्रिप कर सकेंगे। यह यात्रा सोनिया विहार से जगतपुर तक होगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। यह परियोजना केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की संयुक्त पहल है।
इलेक्ट्रिक क्रूज से होगा यमुना का सफर
दिल्ली सरकार की इस पहल के तहत पर्यटकों को इलेक्ट्रिक क्रूज के माध्यम से यमुना नदी की सैर करने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना और जलमार्ग पर स्वच्छ इलेक्ट्रिक परिवहन को प्रोत्साहित करना है।
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने लॉन्च से पहले सोनिया विहार पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्रूज सेवा के शुभारंभ के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और DDA का संयुक्त प्रोजेक्ट है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगी।
म्यूजिकल फाउंटेन से लेकर फूड जोन तक की सुविधाएं
रिवर क्रूज के साथ ही यमुना किनारे एक आकर्षक मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है। यहां बच्चों के लिए प्ले जोन, गेमिंग गतिविधियां, फूड जोन, शॉपिंग की सुविधा और एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियां उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा हर शाम भगवान श्रीकृष्ण और यमुना मैया की थीम पर आधारित म्यूजिकल फाउंटेन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। सरकार का प्रयास है कि यह स्थान दिल्लीवासियों और पर्यटकों के लिए मनोरंजन का नया केंद्र बने।
सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक मिलेगी टिकट
मंत्री कपिल मिश्रा के मुताबिक, पर्यटकों के लिए ऑनलाइन और मौके पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू होगा, जबकि रात करीब 9 बजे तक आखिरी टिकट जारी किया जाएगा। आने वाले समय में इस सेवा के तहत नावों और क्रूज की संख्या बढ़ाने की भी योजना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया दिल्ली के लिए नया अनुभव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस परियोजना को दिल्ली के लिए एक नया अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि यमुना रिवर क्रूज सेवा के माध्यम से मां यमुना को लोगों के और करीब लाने, मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने और दिल्ली के रिवरफ्रंट को नई पहचान देने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।
यमुना पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
इस परियोजना का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यमुना नदी के प्रति लोगों की भागीदारी और जुड़ाव को बढ़ाना भी है। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से दिल्ली में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और राजधानी के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
मंगलवार सुबह 11 बजे सोनिया विहार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, कपिल मिश्रा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और भाजपा सांसद मनोज तिवारी सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी क्रूज पर्यटन और विरासत पर्यटन के संगम को भारत में पर्यटन के नए उभरते दौर का प्रतीक बताया है। 'नमो यमुना रिवर सफारी' के शुरू होने से दिल्लीवासियों को यमुना के बीच सफर करने का नया अनुभव मिलेगा। अब देखना होगा कि यह पहल राजधानी में पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में कितनी लोकप्रिय होती है।