Breaking News

‘अस्थायी सीजफायर’ के बदले होर्मुज को फिर नहीं खोला जाएगा: ईरानी अधिकारी     |   वेस्ट एशिया संघर्ष के बीच एयरफोर्स चीफ अमर प्रीत सिंह अमेरिका दौरे पर पहुंचे     |   WB चुनाव: ‘अगर कोई घुसपैठिया है तो यह आपकी जिम्मेदारी’, CM ममता का केंद्र पर वार     |   पद्म पुरस्कार विजेता डॉ. मणि छेत्री का निधन, 106 साल की उम्र में ली आखिरी सांस     |   जालंधर: DPS, मेयर वर्ल्ड समेत कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी     |  

AAP की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रवेश वर्मा के घर के बाहर किया प्रदर्शन, की ये मांग

New Delhi: आम आदमी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पूर्व बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने प्रवेश वर्मा से 1,100 रुपये की मांग की। बताया जा रहा है कि वर्मा ने इस हफ्ते की शुरुआत में जरूरतमंद महिलाओं को कथित तौर पर पैसे बांटे थे। महिलाओं ने दावा किया कि दिल्ली निवासी होने के नाते वे भी दान में दी जाने वाली किसी भी आर्थिक मदद की हकदार हैं।

प्रवेश वर्मा ने पत्नी और बेटी के साथ प्रदर्शनकारियों के लिए कॉफी और नाश्ता पेश किया, लेकिन महिलाओं ने इसे लेने से इनकार कर दिया। आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ ईडी में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनावों से पहले नकदी बांटी जा रही है। पार्टी ने मांग की है कि एजेंसी वर्मा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज करे।

एक महिला प्रदर्शनकारी ने पीटीआई वीडियो को बताया, "प्रवेश वर्मा सभी को पैसे दे रहे हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम किसी राजनैतिक दल के साथ हैं या नहीं, हम दिल्ली के नागरिक हैं और हमें भी पैसे दिए जाने चाहिए।"

वहीं, प्रवेश वर्मा ने कहा, "केजरीवाल जानते हैं कि वे यहां से हार सकते हैं। वे अपनी सीट बदल सकते हैं या वे दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं।" इससे पहले उन्होंने कहा था कि ये पैसा उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बनाए गए सामाजिक संगठन राष्ट्रीय स्वाभिमान की तरफ से महिलाओं को दिया गया था। 

प्रवेश वर्मा ने कहा था कि वे चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने तक जरूरतमंद महिलाओं की मदद करना जारी रखेंगे। 70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव फरवरी में होने हैं। 

नई दिल्ली सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने वाला है, जहां आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है, जो दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं शीला दीक्षित के बेटे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रवेश वर्मा को इस सीट से बीजेपी चुनाव लड़ा सकती है।