Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

अगर जलभराव हुआ तो होगी कार्रवाई, सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को दी चेतावनी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि अगर किसी भी इलाके में जलभराव की सूचना मिली तो संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोई भी झुग्गी बस्ती तब तक नहीं तोड़ी जाएगी जब तक कि वहां रहने वालों को पक्का घर न दे दिया जाए। रेखा गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली में अपने निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में सीवर, गैस और पानी की पाइपलाइन के उद्घाटन के मौके पर ये बात कही। 

उन्होंने कहा कि पिछले महीने अधिकारियों को हर जलभराव बिंदु के लिए जिम्मेदार बनाया गया था और हाल ही में हुई बारिश में मिंटो ब्रिज अंडरपास के जलमग्न होने पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहती हूं कि जलभराव पॉइंट्स की निगरानी के लिए तैनात अधिकारी अपना काम ठीक से करें, नहीं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।’’

सीएम रेखा गुप्ता ने ‘आम आदमी पार्टी’ पर व्हॉट्सएप के जरिए झुग्गियों को ढहाने के बारे में झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) के माध्यम से झुग्गियों में नालियों, गलियों, शौचालयों और पार्कों के लिए बजट में 700 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।" उन्होंने कहा, "मैं झुग्गीवासियों से वादा करती हूं कि आपको पक्के घर दिए जाएंगे और तब तक आप अपनी झुग्गियों में सभी सुविधाओं के साथ सुरक्षित रहेंगे।’’