Breaking News

विवेकानंद केंद्र के अध्यक्ष ए. बालकृष्णन के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख     |   कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, 2 जख्मी, गंगा बैराज के पास हुआ हादसा     |   चंडीगढ़ में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आज राज्यव्यापी हड़ताल     |   नेपाल की बाढ़ः पश्चिम बंगाल के 32, तमिलनाडु के 37 पर्यटक लापता     |   UPTET 2026 रिजल्ट जारी, प्राथमिक के 93 हजार और उच्च प्राथमिक के 1.13 लाख अभ्यर्थी पास     |  

दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव इलाके में तीन मंजिला इमारत ढही, एक व्यक्ति की मौत

New Delhi: दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव इलाके में शुक्रवार तड़के तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत ढहने से एक 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इमारत में स्थित एक दुकान का कर्मचारी मनोज शर्मा मलबे में दब गया, उसे बाहर निकालकर हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि शर्मा लगभग तीन दशक से दुकान पर काम करता था। अधिकारियों ने बताया कि इमारत के सामने खड़ा एक ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, देर रात 1:56 बजे लोहिया चौक पर मिठाई पुल के पास इमारत गिरने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। 

अग्निशमन अधिकारियों ने बताया "तीन दुकानों और गोदामों वाली तीन मंजिला इमारत का ढांचा ढह गया।” दुकानें भूतल पर थीं और ऊपरी मंजिलों पर स्टोर रूम थे। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंथिया ने बताया, "ये दुकानें आजाद मार्केट के पास हैं और इनमें मुख्य रूप से बैग और तिरपाल बेची जाती हैं।" शर्मा गुलशन महाजन की दुकान संख्या 7ए पर काम करता था। 

डीसीपी ने बताया, "वह लगभग 30 साल से वहां काम कर रहा था।" उन्होंने कहा कि किसी और की मौत की कोई खबर नहीं है। बंथिया ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।