दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने 'मिशन कायाकल्प' की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ, आधुनिक और प्रेरणादायक शिक्षण संस्थान बनाना है। इसके तहत राजधानी के विभिन्न जिलों के सरकारी स्कूलों में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे में सुधार किए जा रहे हैं, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत काम करने वाली संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, बाजार संघों और स्थानीय लोगों के सहयोग से चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकारी संसाधनों के साथ जनभागीदारी की वजह से स्कूलों में तेजी से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
उत्तर जिले में शंकराचार्य मार्ग स्थित सरकारी स्कूल में विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए बनाए गए सेंसरी पार्क का नवीनीकरण किया गया है। यहां आरओ प्लांट और वाटर कूलर भी लगाए गए हैं। वहीं, रूप नगर के सरकारी स्कूल की फिजिक्स लैब को आधुनिक बनाया गया है, जिससे छात्रों को बेहतर प्रैक्टिकल सुविधाएं मिल सकें।
दक्षिण जिले के रामानुजन सर्वोदय कन्या विद्यालय, महरौली और सर्वोदय को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुतुब महरौली में शौचालयों की मरम्मत, दीवारों और छत की लीकेज ठीक करने, सैनिटरी फिटिंग बदलने और पूरे स्कूल की पेंटिंग जैसे कई विकास कार्य पूरे किए गए हैं। पश्चिम जिले के मोहन गार्डन और जनकपुरी के सरकारी स्कूलों में भी बड़े स्तर पर सुधार कार्य चल रहे हैं। इनमें छतों की मरम्मत, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, नई आरओ मशीनें, वाटर कूलर, बिजली व्यवस्था को मजबूत करना और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास शामिल है।
उत्तर-पूर्व जिले के गोकलपुर और शाहदरा स्थित सरकारी स्कूलों में शौचालयों का नवीनीकरण, नई पानी की सुविधाएं, पौधारोपण और लाइब्रेरी के लिए नई कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। शाहदरा स्कूल में छात्रों को प्रेरित करने के लिए मणि बेन पटेल और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र भी लगाए गए हैं। बाहरी उत्तर जिले के सावदा घेवरा कम्युनिटी बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भवनों की मरम्मत, पेंटिंग, नई शेड, स्पेस लैब और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास किया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत कई सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलनी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, ताकि हर छात्र को बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें तथा राजधानी के सभी सरकारी स्कूल उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित हों।