Breaking News

चेन्नई पोर्ट के पास डीएमके कार्यकर्ताओं ने टीवीके कार्यकर्ताओं पर हमला किया     |   जनरल नरवणे ने पेंगुइन इंडिया के बयान को सोशल मीडिया पर किया पोस्ट     |   पीएम मोदी के आमंत्रण पर 17-19 फरवरी तक भारत दौरे पर आएंगे फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों     |   बांग्लादेश: आम चुनाव से पहले आज शाम देश को संबोधित करेंगे अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस     |   MP सरकार का बड़ा फैसला, तलाकशुदा बेटियां भी अपने माता-पिता की परिवार पेंशन की पात्र होंगी     |  

Delhi: टायर बदलते समय एक टेम्पो चालक को कार ने कुचला, ड्राइवर की मौके पर ही मौत

Delhi: उत्तरी दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर अपने टेम्पो की मरम्मत करते समय एक कार से टक्कर में 35 साल के टेम्पो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने ये जानकारी दी। बुराड़ी-वज़ीराबाद चौराहे पर धीरपुर आईटीआई के सामने हुई इस घटना की सूचना सुबह करीब 8:17 बजे वजीराबाद पुलिस स्टेशन में दी गई। पुलिस को नांगलोई निवासी विजय घटनास्थल पर सिर कुचले हुए हालत में मिला।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विजय दिल्ली की एक निजी परिवहन कंपनी में टेम्पो चालक के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार, उसी परिवहन कंपनी में काम करने वाला एक अन्य टेम्पो चालक शुभम भी घटनास्थल पर मौजूद था। उसने जांचकर्ताओं को बताया कि विजय सुबह-सुबह अपने टेम्पो में कबाड़ का सामान लादकर सीलमपुर जा रहा था।

धीरपुर आईटीआई के पास विजय ने देखा कि उसके टेम्पो का पिछला टायर पंचर हो गया है, और उसने शुभम को मदद के लिए बुलाया। अधिकारी ने बताया, “शुभम मौके पर पहुंचा और देखा कि टेम्पो आउटर रिंग रोड के बीचोंबीच खड़ी है। विजय टायर बदलने के लिए गाड़ी के पिछले हिस्से में जैक लगा रहा था, तभी पीछे से आ रही एक होंडा ब्रियो कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।”

कार दुर्घटनास्थल पर खड़ी मिली। उसके 31 वर्षीय चालक, गाजियाबाद निवासी दीपक ग्रोवर ने पुलिस को बताया कि वो एक बीपीओ में काम करता है और जनकपुरी में एक दोस्त से मिलने के बाद घर लौट रहा था। अधिकारी ने बताया कि उसने दावा किया कि वो बीचोंबीच खड़ी टेम्पो को देख नहीं पाया, जिसके कारण ये दुर्घटना हुई।

शुभम के बयान के आधार पर, बीएनएस की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना/सवारी करना) और 106(1) (लापरवाही से मृत्यु का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। विजय पिछले 15-16 साल से टेम्पो चला रहा था। उसके परिवार में सात साल की बेटी और पांच साल का बेटा है।