दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सीएम पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है. वहीं अब इसके बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि अब अरविंद केजरीवाल की जगह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कौन बैठेगा. इस रेस में कई नेताओं के नाम चल रहे हैं. वहीं इस बीच दिल्ली में सरकार में मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने खुद के सीएम बनने को लेकर बयान दिया है.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "आम आदमी पार्टी का कोई भी विधायक या मंत्री सीएम की कुर्सी पर इसलिए बैठेगा क्योंकि कैसे जल्द से जल्द दिल्ली में चुनाव कराके अरविंद केजरीवाल को इस अग्निपरीक्षा को पार कराके उस कुर्सी पर बैठाया जाएगा. आज उस कुर्सी पर कौन बैठेगा इसकी कोई कीमत नहीं है. इसका कोई लेना देना नहीं है. वो कुर्सी जनता अरविंद केजरीवाल को दोबारा देने जा रही है और इसका संघर्ष आज से शुरू हो जाएगा."