Breaking News

वेस्ट एशिया संघर्ष पर 'इनफॉर्मल ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स' की मीटिंग, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रहे मौजूद     |   रविवार को नोएडा में अखिलेश यादव की रैली, विधानसभा चुनाव का करेंगे शंखनाद     |   दुबई में एयर डिफेंस डिपो नष्ट करने के ईरान के दावे को यूक्रेन ने बताया गलत     |   अमित शाह गुवाहाटी पहुंचे, रोड शो में लेंगे हिस्सा     |   फ्रांस के राष्ट्रपति से मिले विदेश मंत्री एस. जयशंकर, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा     |  

नितिन नबीन मेरे ‘बॉस’, मैं उनका कार्यकर्त्ता, बीजेपी के नए अध्यक्ष के ऐलान पर बोले पीएम मोदी

Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी और कहा कि पार्टी से संबंधित मामलों में ये युवा नेता उनका ‘बॉस’ होगा। बीजेपी मुख्यालय में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 45 वर्षीय नबीन को एक ‘‘मिलेनियल’’ बताया, जो उस पीढ़ी से ताल्लुक रखते हैं जिसने भारत में बहुत सारे बदलाव देखे हैं।

नितिन नबीन को संगठन पर्व के समापन पर पार्टी मुख्यालय में बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया, जिसमें बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के विभिन्न पार्टी पदों के लिए चुनाव हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब माननीय नितिन नबीन जी...मैं एक कार्यकर्ता हूं और आप मेरे बॉस हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब माननीय नितिन नितिन नबीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है बल्कि एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी उन्हें संभालना है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन उस युग से ताल्लुक रखते हैं जिसमें लोग बचपन में रेडियो पर खबरें सुनते थे और अब कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करने में माहिर हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘नितिन जी में युवा ऊर्जा और भरपूर अनुभव दोनों हैं।’’ उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘इस सदी में एम. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ-साथ हमारे कई वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया। राजनाथ जी के नेतृत्व में पहली बार बीजेपी ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फिर अमित शाह के नेतृत्व में बीजेपी ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई।’’