प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार ने श्रमिकों को सरकारी सेवाएं उनके द्वार तक पहुंचाने की पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय से चार ‘मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र वैन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य श्रमिकों को पंजीकरण, नवीनीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। मोबाइल वैन श्रमिकों के कार्यस्थल और आसपास के इलाकों में पहुंचकर मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

सरकार के मुताबिक, दिल्ली के प्रत्येक जिले में एक-एक मोबाइल वैन संचालित की जाएगी। कुल 13 वैन निर्माण स्थलों, लेबर चौक और उन स्थानों तक जाएंगी जहां बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिक काम करते हैं। इससे श्रमिकों को पंजीकरण के लिए काम छोड़कर दूर स्थित सरकारी कार्यालयों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनकी दिहाड़ी का नुकसान भी कम होगा।

मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र में श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी सहायता और डिजिटल सेवाओं तक पहुंच जैसी सुविधाएं मिलेंगी। श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन और उनके लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के निर्माण और विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि दिन-रात मेहनत करने वाले श्रमिकों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने कहा कि अब सेवा केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जरूरतमंद श्रमिकों तक खुद पहुंचेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, निर्माण श्रमिकों के व्यवस्थित पंजीकरण की कमी के कारण कई वास्तविक श्रमिक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित रह जाते थे। मोबाइल वैन के जरिए मौके पर पंजीकरण होने से इस समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।

मोबाइल सेवा केंद्रों के जरिए गिग वर्कर्स तक भी सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा गिग वर्कर्स के लिए विश्राम और आवश्यक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मोबाइल वैन के माध्यम से नए श्रमिकों का पंजीकरण, पंजीकरण का नवीनीकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करने में सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उपलब्ध योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी भी दी जाएगी। इस तरह मोबाइल वैन बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में काम करेंगी।
